
Barabanki News: डीएम की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न !
Barabanki News: बाराबंकी में 04 अक्टूबर 2026 को कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में जिलाधिकारी श्री ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद में सड़क सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को यातायात व्यवस्था को सुगम एवं सुरक्षित बनाने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग लखनऊ-अयोध्या के हैदरगढ़ एवं सतरिख अंडरपास के नीचे क्षतिग्रस्त सड़क को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
नवीन उपनिबंधक कार्यालय सदर के सामने दारापुर कट के समीप सड़क पर अवैध रूप से पार्क किए जाने वाले वाहनों को तत्काल हटवाकर उनके लिए पृथक पार्किंग स्थल चिन्हित करने तथा चयनित स्थल पर ही वाहनों की पार्किंग सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इस संबंध में जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी नवाबगंज, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी, एआरटीओ सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को आज ही स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

दुर्घटना की दृष्टि से संवेदनशील अवैध कटों को तत्काल बंद कराने के निर्देश
जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुर्घटना की दृष्टि से संवेदनशील एवं अनावश्यक कटों को तत्काल बंद कराया जाए तथा सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यक स्थानों पर रम्बल स्ट्रिप, चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर एवं रोड मार्किंग आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने रामनगर तिराहा पुलिस चौकी के सामने स्थित कट से लखनऊ-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग को जोड़ने वाली सड़क पर भारी वाहनों के आवागमन को प्रतिबंधित करने तथा भारी वाहनों का आवागमन चौपुला की ओर से सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
आगामी देवा मेला के दृष्टिगत बाराबंकी-देवा मार्ग की पटरियों एवं सड़क को दुरुस्त कराने के निर्देश
आगामी 27 अक्टूबर से प्रारम्भ होने वाले देवा मेला के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने बाराबंकी-देवा मार्ग की पटरियों एवं मुख्य मार्ग को निर्धारित मानकों के अनुरूप दुरुस्त कराने तथा आवागमन को सुगम एवं सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि बरसात के कारण सड़कों पर हुए गड्ढों को दुरुस्त कराने के लिए चलाए जा रहे गड्ढा मुक्ति अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए।
ग्रामीण एवं प्रमुख मार्गों के साथ-साथ नगरीय क्षेत्र की सड़कों को भी प्राथमिकता के आधार पर गड्ढा मुक्त कराया जाए, ताकि आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो और सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।
बैठक में जॉइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम नवाबगंज सुश्री गुंजिता अग्रवाल, एएसपी उत्तरी श्री मोहम्मद आफताब, एआरटीओ सहित लोक निर्माण विभाग, एनएचएआई, पुलिस, परिवहन, स्वास्थ्य एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी तथा जिला सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
जिला – बाराबंकी
संवाददाता- मनोज कुमार
