
Varanasi Road Accident: वाराणसी में भीषण सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से स्कॉर्पियो के उड़े परखच्चे, चार दोस्तों की मौत, चार गंभीर घायल !
Varanasi Road Accident: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में प्रयागराज-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रूपापुर गांव के पास ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से खड़ी स्कॉर्पियो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
विंध्याचल से दर्शन कर लौट रहे थे सभी आठ लोग
जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो में सवार आठ लोग विंध्याचल में दर्शन-पूजन करने के बाद वाराणसी लौट रहे थे। सोमवार सुबह करीब पांच बजे जब उनकी गाड़ी मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रूपापुर गांव के पास ओवरब्रिज पर पहुंची, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो का अगला-पिछला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया और वाहन के परखच्चे उड़ गए।
ओवरब्रिज से 30 फीट नीचे गिरा एक व्यक्ति
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के दौरान एक व्यक्ति उछलकर ओवरब्रिज से करीब 30 फीट नीचे सड़क पर जा गिरा, जबकि अन्य लोग स्कॉर्पियो के अंदर बुरी तरह फंस गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
गैस कटर से काटकर निकाले गए घायल
स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालना बेहद मुश्किल हो गया था। इसके बाद पुलिस ने गैस कटर की मदद से वाहन को काटकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें कन्हैया यादव और निखिल कुमार की हालत गंभीर बताई गई है। घायलों में दो की स्थिति बेहद नाजुक होने की जानकारी सामने आई है।
तीन मृतकों की पहचान, चौथे की शिनाख्त जारी
एडीसीपी नृपेंद्र कुमार के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग वाराणसी के शिवपुर क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। मृतकों में अमन यादव, गोलू और आलोक मिश्रा के नाम सामने आए हैं, जबकि चौथे मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया है और उसके खलासी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस हादसे ने मृतकों के परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। दर्शन-पूजन कर घर लौट रहे दोस्तों की दर्दनाक मौत से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
