
Varanasi News: सुश्रुत हॉस्टल में जूनियर डॉक्टर मृत मिले, साथियों की तलाश के बाद कमरे से मिला शव
Varanasi News: वाराणसी स्थित आईएमएस-बीएचयू के सुश्रुत हॉस्टल में रहने वाले 26 वर्षीय जूनियर डॉक्टर ऋत्विक कुंदू का शव उनके कमरे से बरामद हुआ। वह मूल रूप से पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के रहने वाले थे और एनेस्थीसिया विभाग में जूनियर डॉक्टर के रूप में कार्यरत थे। शनिवार दोपहर से ड्यूटी पर नहीं पहुंचने के बाद साथियों ने उनकी तलाश शुरू की।
कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिलने पर हॉस्टल प्रशासन और पुलिस को सूचना दी गई।
दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची पुलिस
सूचना मिलने पर पुलिस और विश्वविद्यालय के सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे। दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश करने पर डॉक्टर अचेत अवस्था में मिले। उन्हें बाहर निकालकर आगे की कार्रवाई की गई। पुलिस ने कमरे की तलाशी के दौरान एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है, जिसे जांच का हिस्सा बनाया गया है।
मौत के कारणों की जांच जारी
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार प्रारंभिक जांच में चिकित्सकीय दवा के इस्तेमाल की आशंका सामने आई है। हालांकि, किस दवा का उपयोग हुआ और मौत का सटीक कारण क्या था, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने संबंधित सामग्री को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों को दी गई सूचना
पुलिस और बीएचयू प्रशासन ने घटना की जानकारी डॉक्टर के परिजनों को दे दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और सुसाइड नोट की भी जांच की जाएगी। सुसाइड नोट में डाॅक्टर ने लिखा था कि मम्मी-पापा मुझे माफ करना। मैं उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पा रहा हूं। जिंदगी बहुत शॉर्ट है। बाहर से लग रहा था कि अच्छा है लेकिन यहां आकर पता चला कि संघर्ष बहुत है। अपनी इच्छा से जान दे रहा हूं इसके लिए किसी को परेशान न किया जाए। खास कर उस लड़की को जो मुझसे बहुत प्यार करती है। मेरे लिए बहुत कुछ किया है। दोस्तों और परिजनों मैं जा रहा हूं। अलविदा दुनिया।
