
Kushinagar Road Accident: मांगलिक समारोह से लौट रहा परिवार हादसे का शिकार, कार के उड़े परखच्चे; 6 लोगों की दर्दनाक मौत !
Kushinagar Road Accident: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर (Kushinagar) में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे (Road Accident) ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। हाटा कोतवाली क्षेत्र में कार और ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में पांच लोग एक ही परिवार के सदस्य थे। हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी लोग एक मांगलिक समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में हुए इस हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया।
समारोह से लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के मुताबिक, कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भलुही गांव का एक परिवार कार से रिश्तेदारी में आयोजित मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने गया था। रविवार देर रात सभी लोग समारोह से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान हाटा कोतवाली क्षेत्र के थरुआडीह के पास उनकी कार सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से टकरा गई। आमने-सामने की भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उसमें सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और छह लोगों की जान चली गई।
कार में फंसे लोगों को निकालने में करनी पड़ी मशक्कत
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला गया। हादसे में घायल दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें एंबुलेंस की मदद से पहले अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर स्थित बीआरडी मेडिकल कॉलेज (BRD Medical College) रेफर कर दिया गया।
मौके पर छह लोगों की मौत, पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए शवहाटा कोतवाली के थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह के मुताबिक, कार और ट्रक की टक्कर में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दो घायलों को इलाज के लिए गोरखपुर भेजा गया है।
मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम (Postmortem) के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू करने की बात कही है। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।
एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से गांव में मातम
इस हादसे में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत ने भलुही गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। जिस घर में मांगलिक समारोह से लौटने की खुशियां होनी थीं, वहां अब चीख-पुकार और मातम पसरा है। गांव और आसपास के इलाके में घटना की खबर फैलते ही शोक की लहर दौड़ गई। एक ही हादसे में परिवार के पांच लोगों को खोने से गांव के लोग भी स्तब्ध हैं।
