
Kushinagar News: रोटरी क्लब कुशीनगर के निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में 196 लोगों ने कराई स्वास्थ्य जांच !
जिला- कुशीनगर
संवाददाता- मोहन वर्मा
Kushinagar News: कुशीनगर रोटरी क्लब कुशीनगर एवं गोपी चाइल्ड केयर के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन वीर अब्दुल हमीद नगर स्थित अम्बेडकर पार्क, भलुही मदारी पट्टी, कसया में किया शिविर में 196 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों को निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श, स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक उपचार के साथ तीन दिन की दवा भी उपलब्ध कराई गई।
रोटरी क्लब कुशीनगर के अध्यक्ष अजय कुमार सिंह एवं सचिव दुर्गेश चतुर्वेदी ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के लोगों को उनके आसपास ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध कराना तथा उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि शिविर में स्त्री एवं प्रसूति रोग, बाल रोग, जनरल फिजिशियन, नाक-कान-गला (ईएनटी), होम्योपैथी एवं दंत रोग के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया ।

शिविर में स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. सुधा माथुर, शिशु एवं बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. नदा अली इमरान, जनरल फिजिशियन डॉ. उमर जमा, जनरल सर्जन डॉ. यश माथुर, जनरल फिजिशियन डॉ. कादिर अंसारी, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. श्याम बिहारी जायसवाल, होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. जे.के. पटेल सहित डीएक्ससन हर्बल के जितेन्द्र जायसवाल ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। मरीजों को तीन दिन की आवश्यक दवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।
