
Barabanki News: चंद्रशेखर आजाद के काफिले को रोकने का आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग
जिला- बाराबंकी
संवाददाता- मनोज कुमार
Barabanki News: गोंडा के बर्तन कारोबारी विनोद कुमार साहनी हत्याकांड को लेकर आक्रोश के बीच अब मामले ने सियासी रंग भी ले लिया है। पीड़ित परिवार से मुलाकात करने जा रहे सांसद एवं आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के काफिले को रोके जाने, कथित दुर्व्यवहार और काफिले पर हमला किए जाने के आरोप सामने आए हैं।
इस प्रकरण को लेकर बाराबंकी के अधिवक्ता एवं जिला संयोजक सुभाष चन्द्र रावत ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से भेजा है। ज्ञापन में पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की गई है।
ज्ञापन में कथित हमले में शामिल लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग भी की गई है। साथ ही कहा गया है कि जांच के दौरान यदि किसी पुलिसकर्मी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
अधिवक्ता ने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। अब प्रशासन की ओर से इस मामले में जांच को लेकर क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।
