
Hapur News: हापुड़ में नाले किनारे युवक का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका
Hapur News: हापुड़ जनपद के थाना क्षेत्र स्थित रजापुर गांव के सामने मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब नाले के किनारे एक युवक का शव संदिग्ध हालत में पड़ा मिला। युवक के गले में गमछे की गांठ बंधी हुई थी और चेहरे पर चोटों के निशान थे। शव मिलने की सूचना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का माना जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि युवक की बेरहमी से हत्या करने के बाद शव को यहां फेंका गया है, ताकि घटना को हादसा या आत्महत्या का रूप दिया जा सके।
बुलंदशहर का निवासी था मृतक
मृतक की पहचान जनपद बुलंदशहर के थाना जहांगीराबाद क्षेत्र के गांव करौंजी निवासी 26 वर्षीय शिवकुमार पुत्र कैलाश चंद के रूप में हुई है। बताया गया कि शिवकुमार खेती करने के साथ अमरगढ़ में खलचूरी की दुकान भी चलाता था।परिजनों के अनुसार शिवकुमार का विवाह 20 फरवरी 2025 को स्याना कोतवाली क्षेत्र के गांव लौंगा निवासी अजब सिंह की पुत्री पूजा के साथ हुआ था। शादी को अभी डेढ़ वर्ष भी पूरा नहीं हुआ था कि परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
सोमवार सुबह घर से निकला, फिर नहीं लौटा
परिजनों ने बताया कि शिवकुमार सोमवार सुबह घर से निकला था। इसके बाद वह न तो अपनी ससुराल पहुंचा और न ही रमपुरा गांव स्थित अपनी मौसी के घर गया, जहां जाने की बात कही जा रही थी। मंगलवार सुबह उसका शव रजापुर गांव के रहने वाले मनिराज के आम के बाग के सामने नाले के एक छोर पर पड़ा मिला, जबकि उसकी बुलेट बाइक नाले के दूसरे छोर पर खड़ी मिली। यह दृश्य देखकर ग्रामीण भी दंग रह गए। बाग मालिक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के पास मिले मोबाइल फोन के आधार पर उसकी पहचान की और परिजनों को सूचना दी।
गले में गमछा, चेहरे पर चोट के निशान
घटनास्थल पर मिले हालात कई गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं। शिवकुमार के गले में गमछे की गांठ बंधी हुई थी, जबकि चेहरे और शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं। इससे साफ प्रतीत हो रहा है कि युवक के साथ मारपीट की गई और फिर गला दबाकर उसकी हत्या की गई। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन, ससुराल पक्ष और रमपुरा गांव में रहने वाली मौसी के परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
हत्या कहीं और, शव यहां फेंकने की आशंका
घटनास्थल की स्थिति भी कई सवाल खड़े कर रही है। जहां शव पड़ा था वहां संघर्ष या घसीटने के कोई निशान नहीं मिले। आसपास की घास-फूस भी सामान्य स्थिति में थी। ऐसे में पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है कि हत्या किसी अन्य स्थान पर करने के बाद शव और बाइक को यहां लाकर डाला गया।फोरेंसिक टीम ने मौके से कई साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि शिवकुमार की अंतिम लोकेशन और उसके संपर्क में आए लोगों की जानकारी मिल सके।
पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
क्षेत्राधिकारी स्तुति सिंह ने बताया कि युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फोरेंसिक टीम द्वारा मौके से साक्ष्य जुटाए गए हैं। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
