
Chamba Bus Accident: चंबा में भीषण बस हादसा,100 फीट नीचे गिरी निजी बस, ड्राइवर-कंडक्टर समेत 8 की मौत
Chamba Bus Accident: हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) के चंबा जिले (Chamba) में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा (Road Accident) हो गया। जिले के चुराह उपमंडल के तहत बैरागढ़-चंबा मार्ग पर एक निजी बस अनियंत्रित होकर करीब 100 फीट नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरी। इस भीषण हादसे में बस के ड्राइवर और कंडक्टर समेत आठ लोगों की मौत हो गई है। वहीं, करीब सात घायल यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
चालुज मोड़ पर अचानक बेकाबू हुई बस
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, शर्मा ट्रैवलर्स (Sharma Travellers) की निजी बस शनिवार सुबह करीब 6 बजकर 30 मिनट पर बैरागढ़ से चंबा के लिए रवाना हुई थी। बस ने अभी करीब तीन किलोमीटर का ही सफर तय किया था कि देवीकोठी के पास चालुज मोड़ पर अचानक चालक बस से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद बस सड़क से नीचे जा गिरी और दूसरी सड़क पर जाकर पलट गई।
हादसे के समय बस में करीब 15 से 16 यात्री सवार बताए जा रहे थे। हादसा इतना भीषण था कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य (Rescue Operation) शुरू कर दिया।
ग्रामीणों ने घायलों को बस से बाहर निकाला
स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल इलाज के लिए सिविल अस्पताल तीसा (Civil Hospital Tissa) भेजा गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार करीब सात घायल यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मलबे में और यात्रियों के दबे होने की आशंका
हादसे के बाद मौके पर राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। दुर्घटनाग्रस्त बस को सीधा करने का प्रयास किया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि कुछ और यात्री बस के मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं। ऐसे में बचाव दल और स्थानीय लोग मलबे को हटाने में जुटे हुए हैं। हादसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की भी आशंका बनी हुई है।
