मेरठ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध शस्त्र निर्माण गिरोह पकड़ा, भारी मात्रा में हथियार बरामद

मेरठ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध शस्त्र निर्माण गिरोह पकड़ा, भारी मात्रा में हथियार बरामद

Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद में पुलिस ने अवैध शस्त्र निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना लोहियानगर क्षेत्र में संचालित एक अवैध पिस्टल फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। संयुक्त कार्रवाई में 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मौके से भारी मात्रा में तैयार और अधबने हथियारों के साथ निर्माण उपकरण बरामद किए गए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडे ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में अवैध शस्त्रों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में स्वाट टीम, सर्विलांस टीम और लोहियानगर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम अल्लीपुर स्थित एक मकान में छापा मारा। जांच के दौरान पाया गया कि मकान के अंदर डबल बेड के नीचे बने तहखाने में अवैध रूप से पिस्टल तैयार की जा रही थीं।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी असलम ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर पिस्टल बनाने का काम करता था। फैक्ट्री का संचालन रहीमुद्दीन द्वारा किया जा रहा था, जो कच्चा माल उपलब्ध कराता था। तैयार हथियारों को विभिन्न ग्राहकों को बेचकर मुनाफा आपस में बांट लिया जाता था। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान अलग-अलग स्थानों से कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 8 तैयार पिस्टल, 3 अधबनी पिस्टल, मैगजीन, बैरल, स्लाइड सहित बड़ी संख्या में उपकरण बरामद किए गए हैं। साथ ही तीन कारें और सात मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं और कई के खिलाफ पहले से आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ थाना लोहियानगर में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनपद में अवैध शस्त्र निर्माण और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )