
Jalaun News : देर रात टक्कर में चार घायल, दो की हालत चिंताजनक
Jalaun News : जालौन के कोंच क्षेत्र में शनिवार देर रात उरई रोड स्थित हुल्की माता मंदिर के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक व्यक्ति को मामूली चोटें आई हैं। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां दो की हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात करीब 11 बजे उरई रोड पर हुल्की माता मंदिर के पास, पेट्रोल पंप के सामने दो बाइकों की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सभी सवार सड़क पर गिर पड़े, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि सुभाष नगर, कोंच निवासी नारायण देवी (55) और खुशबू (20), पुत्री पप्पू राठौर, अपने भाई के साथ मोटरसाइकिल से आशीर्वाद क्लब में आयोजित एक शादी समारोह से लौट रही थीं। वहीं दूसरी ओर सिमिरिया निवासी शिवम (23) पुत्र रमेश और सुमित यादव (16) पुत्र विक्रम भी एक शादी समारोह से अपने गांव लौट रहे थे।
जैसे ही दोनों बाइकें हुल्की माता मंदिर के पास पहुंचीं, किसी कारणवश आमने-सामने टकरा गईं।
इस हादसे में नारायण देवी, खुशबू और शिवम गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि सुमित को हल्की चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोंच पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
