हॉर्मुज में बड़ा एक्शन: IRGC ने 2 जहाजों पर कब्जा, भारत आने वाला पोत भी शामिल

हॉर्मुज में बड़ा एक्शन: IRGC ने 2 जहाजों पर कब्जा, भारत आने वाला पोत भी शामिल

IRGC Seize Two Ship: ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दो मालवाहक जहाजों पर हमला कर उन्हें अपने कब्जे में ले लिया है और अब इन जहाजों को ईरान की ओर ले जाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि इनमें से एक जहाज भारत की तरफ आ रहा था, जिससे चिंता और बढ़ गई है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन जहाजों की पहचान MSC Francesca और Epaminodes के रूप में हुई है। जहाजों के मालिकों से फिलहाल संपर्क नहीं हो पाया है। जहाज ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, Epaminodes दुबई से रवाना होकर गुजरात के मुंद्रा पोर्ट की ओर बढ़ रहा था, तभी आईआरजीसी ने उस पर हमला कर उसे जब्त कर लिया।

भारतीय बंदरगाह की ओर जा रहे जहाज को कब्जे में लेने की इस घटना ने समुद्री सुरक्षा और सप्लाई चेन को लेकर भारत की चिंताओं को बढ़ा दिया है। इसी बीच, ईरान ने वेस्ट एशिया में अमेरिकी तेल कंपनियों और तेल कुओं को निशाना बनाने की खुली धमकी भी दी है। तस्नीम न्यूज एजेंसी के हवाले से आई इस चेतावनी में कहा गया है कि यदि ईरान के बुनियादी ढांचे पर हमला हुआ, तो वह अमेरिकी स्वामित्व वाले तेल संसाधनों को तबाह कर देगा।

ईरान ने यह भी स्पष्ट किया है कि वह क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी तेल कंपनियों को चुन-चुनकर निशाना बना सकता है। इससे पहले होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ईरानी जलक्षेत्र में तीन मालवाहक जहाजों पर अंधाधुंध फायरिंग की खबर भी सामने आई थी। बताया गया कि आईआरजीसी से जुड़ी एक गनबोट ने बिना किसी चेतावनी या रेडियो संपर्क के अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं, जबकि जहाजों के पास ट्रांजिट की अनुमति थी।

इससे पहले अमेरिका ने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की पाकिस्तान यात्रा को स्थगित कर दिया था, जबकि डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका और ईरान के बीच जारी सीजफायर को दो हफ्तों के लिए बढ़ाने की बात कही थी। इन घटनाओं से साफ है कि वेस्ट एशिया में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है।

 

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )