हरदोई में जानलेवा सफाई: सीमेंट टैंक बना मौत का जाल, दो की गई जान

हरदोई में जानलेवा सफाई: सीमेंट टैंक बना मौत का जाल, दो की गई जान

Hardoi News: हरदोई जिले के बिलग्राम थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां बंद पड़े सीमेंट टैंक की सफाई के दौरान दम घुटने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। यह घटना मंगलवार रात की बताई जा रही है, जिसने पूरे गांव को शोक में डाल दिया है। जानकारी के अनुसार, ग्राम प्रधान विद्यावती के घर में गेहूं भंडारण के लिए बने सीमेंट टैंक (बखारी) की सफाई कराई जा रही थी। यह टैंक लंबे समय से बंद था और इसके अंदर पहले तिरपाल बिछाकर भूसा डाला गया था। इसी टैंक की सफाई के लिए गांव के कैलाश (35) को अंदर उतारा गया। कुछ ही देर में उन्हें सांस लेने में परेशानी होने लगी और वे अंदर ही बेहोश हो गए।

जब काफी देर तक कैलाश बाहर नहीं आए, तो उन्हें बचाने के लिए ग्राम प्रधान के पति सुरेंद्र सिंह कुशवाहा (65) खुद टैंक में उतर गए। लेकिन अंदर मौजूद जहरीली गैस के कारण वे भी अचेत होकर गिर पड़े। इसके बाद तीसरे युवक प्रमोद को रस्सी के सहारे नीचे भेजा गया, लेकिन वह भी गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गया।

तीनों के बाहर न आने पर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। लोगों ने एहतियात के तौर पर टैंक में पानी डाला और मास्क पहनकर रस्सी की मदद से तीनों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिलग्राम ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने कैलाश और सुरendra को मृत घोषित कर दिया, जबकि प्रमोद की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि टैंक काफी समय से बंद था, जिसके कारण उसके अंदर जहरीली गैस बन गई थी, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक सुबोध गौतम ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दम घुटने से मौत का लग रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। इस घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग सदमे में हैं।

 

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )