UP News: 69000 शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों का अनोखा प्रदर्शन, मंत्री आवास तक दंडवत रेंगते पहुंचे उम्मीदवार

UP News: 69000 शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों का अनोखा प्रदर्शन, मंत्री आवास तक दंडवत रेंगते पहुंचे उम्मीदवार

UP News: लखनऊ में 69000 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने सोमवार को शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के आवास के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। अपनी मांगों को लेकर पहुंचे अभ्यर्थियों ने विरोध का अनोखा और भावुक तरीका अपनाते हुए भीषण गर्मी में जमीन पर दंडवत होकर रेंगते हुए मंत्री आवास तक पहुंचने की कोशिश की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सरकार और सिस्टम की नजर में अब उनकी कोई कीमत नहीं रह गई है, इसलिए वे कीड़े-मकोड़ों की तरह रेंगते हुए अपनी फरियाद लेकर पहुंचे हैं।

प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स और पीएसी के जवान तैनात किए गए थे। भीषण गर्मी के चलते कई अभ्यर्थियों की हालत बिगड़ गई और कुछ लोग बदहवास होकर जमीन पर गिर पड़े। बाद में पुलिसकर्मियों द्वारा प्रदर्शनकारियों को पानी उपलब्ध कराया गया।

बनारस से आए अभ्यर्थी कैलाश नाथ मौर्या ने कहा कि वे अब पूरी तरह टूट चुके हैं। उनका कहना था कि वर्षों से नौकरी की उम्मीद में संघर्ष कर रहे अभ्यर्थियों के परिवार भी अब उनसे निराश हो चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हाईकोर्ट में जीत मिलने के बावजूद अब तक नियुक्ति नहीं दी गई। कैलाश ने कहा कि छोटी खेती और फसल बेचकर वे लोग लखनऊ तक प्रदर्शन करने आते हैं, लेकिन सरकार उनकी सुनवाई नहीं कर रही। प्रदर्शनकारियों ने कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर के बयान पर भी नाराजगी जताई। अभ्यर्थियों का आरोप है कि राजभर ने उन्हें जूता खाने लायक बताया था, जिससे वे बेहद आहत हैं। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )