
Hapur News: कबूतर को लेकर विवाद बना खूनी संघर्ष, पिता-पुत्र पर लाठी-डंडों से हमला
Hapur News: हापुड़ जिले के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में एक मामूली बात ने उस समय हिंसक रूप ले लिया, जब कबूतर पर पत्थर फेंकने से रोकना एक परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि विरोध करने पर चार लोग गुस्से में आगबबूला हो गए और घर में घुसकर पिता-पुत्र पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर चार आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिजली के तार पर बैठे कबूतर को मार रहा था युवक
जानकारी के अनुसार बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव नली हुसैनपुर निवासी संदीप कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि आठ मई की शाम करीब साढ़े पांच बजे उसका भाई कुलदीप घर के बाहर बैठा हुआ था। इसी दौरान गांव का रहने वाला अंकुश बिजली के तार पर बैठे कबूतर पर पत्थर फेंक रहा था।
कुलदीप ने उसे ऐसा करने से मना किया और पक्षियों को नुकसान न पहुंचाने की बात कही। आरोप है कि इतनी सी बात पर अंकुश भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा। जब कुलदीप ने इसका विरोध किया तो मामला और बढ़ गया।
घर में घुसकर किया हमला
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि कुछ ही देर बाद अंकुश अपने भाई कपिल, पिता लीला और ताऊ के बेटे मनोज को साथ लेकर पहुंचा। चारों आरोपित जबरन घर में घुस आए और कुलदीप के साथ मारपीट शुरू कर दी।आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों से हमला कर कुलदीप को गंभीर रूप से घायल कर दिया। शोर सुनकर बीच-बचाव करने आए पिता हेतराम सिंह को भी आरोपितों ने नहीं छोड़ा और उनके साथ भी जमकर मारपीट की। घटना से परिवार में दहशत फैल गई और आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए।
घायल पिता-पुत्र में दहशत, जान से मारने की दी धमकी
पीड़ित परिवार का कहना है कि मारपीट के दौरान आरोपित लगातार जान से मारने की धमकी देते रहे। घटना के बाद घायल पिता-पुत्र को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहीं घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल बना रहा कि एक मामूली विवाद ने इतनी बड़ी हिंसक घटना का रूप कैसे ले लिया।
पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट, जांच शुरू
थाना बाबूगढ़ प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर अंकुश, कपिल, लीला और मनोज के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
