Barabanki News: महादेव दर्शन को जा रहे तीन युवकों की बाइक खड़ी कांवड़ ट्रॉली से टकराई, दो की मौत, तीसरा लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में भर्ती

Barabanki News: महादेव दर्शन को जा रहे तीन युवकों की बाइक खड़ी कांवड़ ट्रॉली से टकराई, दो की मौत, तीसरा लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में भर्ती

संवाददाता- मनोज कुमार 
जिला- बाराबंकी

Barabanki News: बाराबंकी के फतेहपुर में महादेव के दर्शन के लिए जा रहे तीन युवकों की बाइक सोमवार रात मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के दानपुर चौराहे के पास सड़क किनारे खड़ी कांवड़ियों की ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों युवक फतेहपुर कस्बे के मोहल्ला जोशी टोला, मंगल बाजार, टाउन एरिया के पीछे के निवासी हैं। रात करीब 10:30 बजे तीनों बाइक से महादेव के दर्शन करने जा रहे थे। मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र के दानपुर चौराहे के पास कांवड़ियों की ट्रॉली सड़क किनारे खड़ी थी। अंधेरा होने के कारण बाइक सवार युवकों को ट्रॉली दिखाई नहीं दी और बाइक ट्रॉली में लगे लोहे के एंगल से जा टकराई।

हादसे में शैलेंद्र जोशी (28 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। शैलेंद्र बाराबंकी स्थित एक्सिस बैंक में कार्यरत थे। वहीं उनके साथी शक्तिमान जोशी (23 वर्ष) की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। शक्तिमान शादी-विवाह में खाना बनाने का ठेका लेते थे।

तीसरे घायल युवक की पहचान सचिन जोशी (25 वर्ष) के रूप में हुई है। गंभीर हालत में उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

एंबुलेंस और स्वास्थ्य व्यवस्था पर परिजनों ने उठाए सवाल

मृतक शैलेंद्र जोशी के पिता धर्मेंद्र जोशी ने बताया कि हादसे के बाद एंबुलेंस के लिए कॉल की गई, लेकिन आरोप है कि एंबुलेंस समय पर मौके पर नहीं पहुंची। परिजन किसी तरह घायलों को अपने साधन से फतेहपुर सीएचसी लेकर पहुंचे।

परिजनों का आरोप है कि सीएचसी में काफी देर तक घायलों को समुचित चिकित्सकीय सुविधा नहीं मिली। इसके बाद बाराबंकी जिला अस्पताल ले जाने के लिए भी एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने का आरोप लगाया गया। बाद में पुलिस की गाड़ी से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

इस दौरान परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जताते हुए सवाल उठाए। उनका कहना है कि गंभीर सड़क हादसे के समय यदि एंबुलेंस और डॉक्टर समय पर उपलब्ध नहीं होंगे तो आपातकालीन स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे

फतेहपुर पुलिस ने दोनों मृतकों का पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए बाराबंकी जिला अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने सड़क किनारे खड़ी ट्रॉली को लेकर जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं एंबुलेंस और अस्पताल में इलाज में कथित लापरवाही के आरोपों पर स्वास्थ्य विभाग का पक्ष सामने आना बाकी है।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )