
Jharkhand Bandh Protest: रांची में बंद का व्यापक असर, लाठीचार्ज के विरोध में सड़कों पर BJP
Jharkhand Bandh Protest: JPSC JSSC मामले को लेकर नई विधानसभा घेराव के दौरान सोमवार को छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने आज झारखंड बंद का आह्वान किया है। बंद का सबसे ज्यादा असर राजधानी रांची में दिखाई दे रहा है।
सुबह से ही बंद समर्थक सड़कों पर उतर आए हैं और कई जगह सड़क पर बैठकर प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ नारेबाजी की। बंद की वजह से शहर के कई इलाकों में यातायात भी प्रभावित हुआ है।
बंद को देखते हुए रांची समेत कई जिलों में निजी स्कूलों को भी बंद रखा गया है। वहीं, प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस ने साफ कर दिया है कि बंद के दौरान गड़बड़ी करने, हिंसा फैलाने या विधि व्यवस्था भंग करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।
किसी भी तरह की अप्रिय घटना से निपटने के लिए जिलेभर में करीब दो हजार पुलिस बल की तैनाती की गई है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। पुलिस अधिकारियों को लगातार स्थिति पर नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटने के निर्देश दिए गए हैं।
रांची में ट्रैफिक पर भी पड़ा असर
झारखंड बंद का असर रांची के ट्रैफिक पर भी दिखाई दे रहा है। बंद समर्थकों ने रांची के किशोरगंज चौक पर टायर जलाकर यातायात बाधित किया। इसके अलावा कांके रोड स्थित सीएमपीडीआई गेट के पास भी सड़क जाम कर टायर जलाए गए। इससे इन इलाकों में वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।
हरमू चौक और भारत माता चौक पर जलाए टायर
मंगलवार सुबह से ही रांची की सड़कों पर बंद का असर दिखने लगा। बंद समर्थकों ने हरमू चौक और भारत माता चौक के पास टायर जलाकर बंद का समर्थन किया। इस दौरान दुकानों को भी बंद कराया गया।
किशोरगंज चौक पर बंद समर्थकों ने लकड़ी जलाकर दुकानें बंद कराईं। हालांकि इस दौरान कुछ स्कूली बसों को जाने दिया गया। अभी तक लोगों को किसी तरह की बड़ी परेशानी होने की सूचना नहीं है।
रांची की सड़कों पर उतरे बीजेपी कार्यकर्ता
बंद के बीच बीजेपी कार्यकर्ता भी सड़कों पर उतर आए। कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हरमू चौक पर बीजेपी कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए और विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के कारण इलाके में कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ।
चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी तैनात
बंद को देखते हुए रांची में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने सभी थानेदारों को सुबह से ही सतर्क रहने का निर्देश दिया है। डीएसपी और थानेदार अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करेंगे। पुलिस को निर्देश दिया गया है कि अगर कोई व्यक्ति उत्पात करता हुआ दिखाई देता है तो उसे तत्काल गिरफ्तार किया जाए।
बंद के मद्देनजर पुराने विधानसभा परिसर से लेकर नए विधानसभा परिसर तक पूरे इलाके में विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। प्रमुख चौक-चौराहों, सरकारी कार्यालयों, संवेदनशील स्थानों और महत्वपूर्ण मार्गों पर पुलिस बल तैनात रहेगा। किसी भी तरह के प्रदर्शन या जुलूस की स्थिति में पुलिस को तत्काल कार्रवाई के लिए तैयार रखा गया है।
बंद को लेकर छात्र नेता ने क्या कहा?
झारखंड में बीजेपी के राज्यव्यापी बंद के आह्वान पर छात्र नेता रवींद्र पासवान ने कहा कि छात्र इस बात में नहीं पड़ना चाहते कि कौन सी पार्टी क्या कर रही है। उन्होंने कहा कि अगर कोई पार्टी बंद का आह्वान करती है तो यह उसका अधिकार है और इस पर छात्रों की कोई टिप्पणी नहीं है।
रवींद्र पासवान ने कहा कि छात्र यहां किसी मकसद से आंदोलन कर रहे हैं और राजनीतिक दलों के बंद के आह्वान पर वे क्या कह सकते हैं। उन्होंने कहा कि छात्र अपने आंदोलन के मुद्दे पर हैं और इस मामले में उन्हें कुछ नहीं कहना है।
माहौल बिगाड़ने वालों की खैर नहीं: रांची डीसी
रांची के डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि बंद से निपटने के लिए हर स्तर पर तैयारी पूरी कर ली गई है। उन्होंने कहा कि विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस ने संयम बरता था, लेकिन कुछ असामाजिक तत्वों ने छात्रों की ओट में माहौल बिगाड़ने की कोशिश की, जिसे नाकाम कर दिया गया।
वहीं, एसएसपी ने कहा कि प्रदर्शनकारियों की भीड़ में शामिल अवांछित तत्वों की वीडियो फुटेज के जरिए पहचान की जाएगी। पहचान होने के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की ओर से घेराव में शामिल होने के लिए बाहर से आए छात्रों की सुरक्षित घर वापसी के लिए भी पहल की गई है। छात्रों को वापस घर भेजने के लिए जिला प्रशासन ने परिवहन की व्यवस्था की है। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 9162738438 जारी किया गया है।
रांची के अधिकांश स्कूल आज रहेंगे बंद
झारखंड बंद के मद्देनजर राजधानी रांची के अधिकांश स्कूलों ने मंगलवार को स्कूल बंद रखने की घोषणा की है। डीपीएस, लेडी केसी राय स्कूल, जेवीएम श्यामली, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, कैंब्रियन स्कूल, ऑक्सफोर्ड स्कूल, सच्चिदानंद स्कूल, शारदा ग्लोबल स्कूल, मेरे नन्हे कदम स्कूल, ग्रीनलैंड पब्लिक स्कूल, चिरंजीव पब्लिक स्कूल, मनन विद्या मनरखन महतो स्कूल, गुरु गोविंद सिंह पब्लिक स्कूल, सरला बिरला स्कूल, श्रद्धानंद बाल मंदिर स्कूल, सेवंथ स्टार एकेडमी, संत माइकल स्कूल, स्टेप बाय स्टेप स्कूल, ब्रिजफोर्ड स्कूल, टेंडर हार्ट स्कूल, ओडीएम सफायर स्कूल, डीएवी नंदराज बरियातू, संत माइकल प्ले स्कूल, जी एंड एच स्कूल, सेंट्रल एकेडमी, लाला लाजपत राय स्कूल, नोवल किड्स प्ले स्कूल, यूरो किड्स मोरहाबादी और कांके, ड्रीमर डेन प्री स्कूल, कोलकाता पब्लिक स्कूल, सृजन वैली स्कूल, ईस्ट प्वाइंट स्कूल, सेंट थॉमस स्कूल, डीएवी कपिलदेव, डीएवी बरियातू और डीएवी गांधीनगर समेत कई स्कूलों ने स्कूल बंद रखने का नोटिस जारी किया है।
फिलहाल झारखंड बंद के दौरान रांची में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है। पुलिस संवेदनशील इलाकों के साथ-साथ प्रमुख चौक-चौराहों और महत्वपूर्ण मार्गों पर लगातार निगरानी कर रही है। प्रशासन का कहना है कि किसी भी तरह की गड़बड़ी या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
