Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर खीरी में दिल दहला देने वाली वारदात, घर में घुसकर 8 वर्षीय मासूम की हत्या

Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर खीरी में दिल दहला देने वाली वारदात, घर में घुसकर 8 वर्षीय मासूम की हत्या

Lakhimpur Kheri News: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जनपद के थाना निघासन क्षेत्र की झंडी चौकी अंतर्गत ग्राम पंचायत मुड़ा बुजुर्ग के मजरा तारानगर में बीती रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर सो रहे 8 वर्षीय मासूम की धारदार हथियार से हत्या कर दी। घटना के दौरान बच्चे को बचाने का प्रयास करने पर उसकी मां पर भी हमला किया गया। इस वारदात से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक बालक की पहचान रवि कुमार (8 वर्ष) पुत्र प्रसाद निवासी तारानगर के रूप में हुई है। बताया जाता है कि घटना के समय रवि अपनी मां के साथ घर में सो रहा था। देर रात करीब 1 बजे कुछ अज्ञात हमलावर घर में घुस आए और सो रहे मासूम के गले पर चाकू से वार कर दिया।

अचानक हुए हमले से बच्चे की मां की आंख खुल गई। उन्होंने हमलावरों को पकड़ने और बेटे को बचाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया। हमले में महिला घायल हो गई, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

वहीं इस घटना के बाद परिवार और आसपास के लोगों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

मृतक के ताऊ ने बताया कि परिवार का गांव के कुछ लोगों के साथ लंबे समय से जमीनी विवाद चल रहा था। उन्होंने आशंका जताई है कि इसी रंजिश के चलते इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया हो सकता है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

ग्रामीणों के अनुसार मृतक बालक के पिता प्रसाद का मानसिक संतुलन भी ठीक नहीं रहता है, जिससे परिवार पहले से ही कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहा था। ऐसे में मासूम की हत्या ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।

वहीं घायल मां का उपचार कराया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की गंभीरता को देखते हुए कई टीमों का गठन किया गया है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं इस दर्दनाक घटना के बाद तारानगर गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से शीघ्र खुलासे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

 

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )