
Lucknow News : अखिलेश यादव का बीजेपी सरकार पर हमला, कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
Lucknow News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक बार फिर बीजेपी सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है और सरकार जीरो टॉलरेंस का दावा कर रही है, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और ही है। अखिलेश यादव ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं और कई घटनाओं को सरकार दबाने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मामलों की जानकारी विपक्ष को देर से मिलती है। हाल ही में एक घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पीड़िता के परिवार को न्याय नहीं मिला और मेडिकल प्रक्रिया में भी गंभीर लापरवाही बरती गई।
उन्होंने प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि पहली बार देखने को मिल रहा है कि जिला प्रशासन और पुलिस राजनीतिक कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। हर जिले में डीएम और एसपी बसों को झंडी दिखा रहे हैं, यह लोकतंत्र के लिए ठीक संकेत नहीं है।इसके अलावा उन्होंने सरकारी कार्यक्रमों में आम लोगों की परेशानी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि लोगों को जबरन बसों में लाया जा रहा है, जहां उन्हें खाने-पानी तक की उचित व्यवस्था नहीं मिल रही। अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार और प्रशासन मिलकर सच्चाई को सामने आने से रोक रहे हैं। उन्होंने मांग की कि गंभीर मामलों की निष्पक्ष जांच कराई जाए ताकि पीड़ितों को न्याय मिल सके।
