Akhilesh Yadav Permanent Job Promise: अखिलेश यादव का बड़ा चुनावी वादा, बोले- खत्म होगी आउटसोर्सिंग, युवाओं को मिलेगी पक्की नौकरी

Akhilesh Yadav Permanent Job Promise: अखिलेश यादव का बड़ा चुनावी वादा, बोले- खत्म होगी आउटसोर्सिंग, युवाओं को मिलेगी पक्की नौकरी

Akhilesh Yadav Permanent Job Promise: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा चुनावी वादा किया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर आउटसोर्सिंग व्यवस्था खत्म की जाएगी और युवाओं को पक्की नौकरी दी जाएगी। अखिलेश ने भाजपा सरकार पर महंगाई, रोजगार और निवेश के मुद्दे पर भी जमकर निशाना साधा।

गुरुवार को लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार अपने कार्यकाल के अंतिम दौर में आंगनबाड़ी समेत विभिन्न सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों के मानदेय बढ़ाने की घोषणाएं कर रही है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर आउटसोर्सिंग व्यवस्था को खत्म कर नियमित और स्थायी रोजगार देने की दिशा में काम किया जाएगा।

अखिलेश ने दावा किया कि प्रदेश में महंगाई लगातार बढ़ रही है और रोजगार के अवसर कम हो रहे हैं। उन्होंने सरकार के GDP और निवेश से जुड़े दावों पर भी सवाल उठाए। सपा अध्यक्ष ने कहा कि सरकार को युवाओं के रोजगार और नौकरी के मुद्दे पर जवाब देना चाहिए।

‘जनता भाजपा को सत्ता से हटा देगी’

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव की तारीख घोषित होते ही जनता अपना फैसला सुना देगी। उन्होंने कहा कि सरकार चाहे जितना पैसा खर्च कर ले और राजनीतिक छवि चमकाने की कोशिश करे, जनता उसे सत्ता से हटा देगी।

उन्होंने कहा कि यह ऐसा विधानसभा चुनाव होगा, जिसकी घोषणा होते ही भाजपा हार मान लेगी। ईवीएम के मुद्दे पर भी अखिलेश ने टिप्पणी करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव में सपा अगर सभी 80 सीटें जीत भी जाए, तब भी भाजपा ईवीएम का विरोध करती रहेगी।

फर्जी एनकाउंटर की होगी जांच

अखिलेश यादव ने कहा कि सत्ता में आने पर प्रदेश में हुए कथित फर्जी एनकाउंटर की जांच कराई जाएगी। उन्होंने अल्पसंख्यकों के मुद्दे पर भी भाजपा सरकार को घेरा। उनका आरोप था कि सरकार अल्पसंख्यकों को उनका हक और सम्मान नहीं देना चाहती तथा धार्मिक स्थलों और मदरसों को लेकर भी उसकी नजर है।

बुलंदशहर में कार्यक्रम की अनुमति नहीं मिलने पर सरकार को घेरा

सपा अध्यक्ष ने बुलंदशहर में पार्टी के कार्यक्रम को अनुमति नहीं दिए जाने पर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सपा के कार्यक्रमों से क्यों घबरा रही है। उनके मुताबिक, पार्टी संगठन ने बुलंदशहर में कार्यक्रम तय किया था, लेकिन सरकार ने अलग-अलग बहाने बनाकर इसकी अनुमति नहीं दी।

आकाश आनंद को सपा में लेने के सवाल पर बोले अखिलेश

बसपा नेता आकाश आनंद को सपा में शामिल किए जाने के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि यह बसपा का अंदरूनी मामला है। हालांकि, सवाल पूछे जाने पर उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “आप लाओगे तो जरूर ले लूंगा।” अखिलेश के इस जवाब के बाद आकाश आनंद को लेकर सियासी अटकलें तेज हो गई हैं।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )