
Lucknow News: राम मंदिर चंदा घोटाले के आरोपों पर AAP का प्रदर्शन, सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी
Lucknow News: राजधानी लखनऊ में रविवार को आम आदमी पार्टी ने राम मंदिर के नाम पर कथित चंदा घोटाले के आरोपों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। स्वास्थ्य भवन चौराहे के पास आयोजित प्रदर्शन का नेतृत्व पार्टी के उत्तर प्रदेश ऑटो विंग के प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रवक्ता प्रीतपाल सिंह ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने प्रदेश सरकार तथा जांच एजेंसियों के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्रीतपाल सिंह ने कहा कि राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है, लेकिन मंदिर से जुड़े चंदे में कथित अनियमितताओं और चोरी के आरोप बेहद गंभीर हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए निष्पक्ष और पारदर्शी जांच आवश्यक है। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी को राज्य सरकार की एसआईटी पर भरोसा नहीं है।

प्रीतपाल सिंह ने मांग की कि पूरे मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट के किसी वर्तमान न्यायाधीश की निगरानी में कराई जाए, ताकि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित हो सके और दोषियों की पहचान हो सके। उन्होंने कहा कि केवल स्वतंत्र जांच से ही जनता का विश्वास बहाल किया जा सकता है। प्रदर्शन के दौरान आप के जिला महासचिव ज्ञान सिंह कुशवाहा ने भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग स्वयं को भगवान राम के नाम पर राजनीति करने वाला बताते हैं, उनके संरक्षण में ही मंदिर के चंदे में कथित गड़बड़ियां हुई हैं। उन्होंने दावा किया कि भ्रष्ट अधिकारियों और अन्य लोगों की मिलीभगत से 400 से 500 करोड़ रुपये तक के घोटाले को अंजाम दिया गया है।
प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई तो पार्टी प्रदेशभर में आंदोलन को और तेज करेगी।
