
Lucknow News: यूपी विधानसभा में महिला आरक्षण पर सपा का प्रदर्शन, 33% कोटा लागू करने की मांग
Lucknow News: उत्तर प्रदेश विधानसभा में महिला आरक्षण को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायकों ने जोरदार प्रदर्शन किया। सपा विधायकों ने महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की मांग करते हुए सरकार पर इस मुद्दे को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया।प्रदर्शन के दौरान मुजफ्फरनगर के चरथावल विधायक पंकज मलिक, सहारनपुर देहात से विधायक आशु मलिक और सरधना विधायक अतुल प्रधान सहित बड़ी संख्या में सपा विधायक मौजूद रहे।
सभी विधायकों ने एकजुट होकर विधानसभा परिसर में नारेबाजी की और कहा कि महिलाओं को राजनीति और शासन में बराबर की भागीदारी मिलनी चाहिए।सपा विधायकों का कहना था कि महिला आरक्षण केवल एक राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि महिलाओं के अधिकार, सम्मान और सशक्तिकरण से जुड़ा हुआ है।
उन्होंने सरकार से मांग की कि जल्द से जल्द 33 प्रतिशत महिला आरक्षण को प्रभावी तरीके से लागू किया जाए, ताकि महिलाओं की भागीदारी हर स्तर पर सुनिश्चित हो सके।विधायकों ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार महिला सशक्तिकरण की बात तो करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर ठोस कदम नहीं उठा रही है। उन्होंने कहा कि अगर महिलाओं को पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं मिलेगा, तो समाज का समग्र विकास संभव नहीं है। सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द विचार नहीं किया गया, तो पार्टी इस मुद्दे को लेकर प्रदेशभर में आंदोलन तेज करेगी।
