Mirjapur News: मिर्जापुर में मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना और भारत टैक्सी सेवा का शुभारंभ !

Mirjapur News: मिर्जापुर में मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना और भारत टैक्सी सेवा का शुभारंभ !

लोकेशन- मिर्जापुर
रिपोर्टर- शीतला प्रसाद बिंद

Mirjapur News: मिर्जापुर मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश द्वारा लखनऊ से मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना एवं भारत टैक्सी सेवा का शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम का ऑनलाइन सजीव प्रसारण मिर्जापुर स्थित जिला सहकारी बैंक लिमिटेड के सभागार में किया गया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने बताया कि मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का उद्देश्य लघु एवं सीमांत किसानों को सुलभ और रियायती दरों पर दीर्घकालीन कृषि ऋण उपलब्ध कराकर कृषि उत्पादकता तथा किसानों की आय में वृद्धि करना है। योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को एलडीबी के माध्यम से 6 लाख रुपये तक का ऋण 6 प्रतिशत प्रभावी ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जाएगा। समय पर ऋण की किस्त जमा करने वाले किसानों को राज्य सरकार की ओर से ब्याज अनुदान का लाभ भी दिया जाएगा।

बताया गया कि योजना के लिए प्रदेश सरकार द्वारा 384 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। कृषि के साथ-साथ कृषि आधारित अन्य गतिविधियों के लिए भी ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। ऋण स्वीकृति प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था पर विशेष जोर दिया गया है।

इसी कार्यक्रम के दौरान भारत टैक्सी सेवा का भी शुभारंभ किया गया। जनप्रतिनिधियों के अनुसार, इसका उद्देश्य परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के साथ कृषि आधारित स्वरोजगार को बढ़ावा देना और लोगों को स्वरोजगार के अवसर प्रदान करना है।

कार्यक्रम में सहकारी समितियों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सचिवों से अपने-अपने क्षेत्रों में योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक पात्र किसानों को मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना से जोड़कर लाभ दिलाने की अपील की गई।

इस अवसर पर पांच लाभार्थियों को पांच-पांच लाख रुपये के चेक वितरित किए गए। कार्यक्रम में नगर विधायक रत्नाकर मिश्रा, विधायक सुचिस्मिता मौर्य, सहकारिता अध्यक्ष डॉ. जगदीश सिंह पटेल, जिला सहकारी बैंक के सभापति विपुल सिंह, प्रमोद सिंह, उपाध्यक्ष एचडीबी अशोक, शिवपूजन सिंह, सियाराम बिन, योगेंद्र पाल, आयुक्त एवं संयुक्त निदेशक सहकारिता विंध्याचल मंडल अमित कुमार पांडेय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )