
Painful murder in Italy : भारतीय मूल के दो लोगों की गोली मारकर हत्या
Indian Men Killed In Italy: इटली में भारतीय मूल के दो लोगों की गोली मारकर हत्या की एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने स्थानीय समुदाय के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चिंता बढ़ा दी है। यह वारदात शुक्रवार देर रात उत्तरी इटली के कोवो शहर में हुई, जहां अगले दिन वैसाखी का कार्यक्रम आयोजित होने वाला था।
गुरुद्वारे के बाहर हुई अचानक फायरिंग
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना Covo के औद्योगिक क्षेत्र में स्थित Gurudwara Mata Sahib Kaur Ji के बाहर हुई। शुक्रवार रात करीब 12 बजे जब दोनों व्यक्ति गुरुद्वारे से बाहर निकले, तभी उन पर अचानक गोलियां चला दी गईं। हमलावर ने कई राउंड फायरिंग की और मौके से कार में बैठकर फरार हो गया। पुलिस को घटनास्थल से करीब 10 खाली कारतूस बरामद हुए हैं।
मृतकों की पहचान 48 वर्षीय राजिंदर सिंह और 48 वर्षीय गुरमीत सिंह के रूप में हुई है। राजिंदर सिंह Covo में रहते थे, जबकि गुरमीत सिंह पास के अग्नाडेलो इलाके के निवासी थे। इस हमले में एक तीसरा व्यक्ति भी घायल हुआ है, जिसे गोली छूकर निकल गई।
टारगेट किलिंग की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में इस घटना को सुनियोजित हमला यानी टारगेट किलिंग माना जा रहा है। गवाहों के अनुसार, हमलावर भारतीय मूल का था और स्थानीय सिख समुदाय में पहचाना जाता था। बताया जा रहा है कि वह अक्सर गुरुद्वारे आता-जाता था, जिससे यह मामला और भी जटिल हो गया है।
यह घटना ऐसे समय हुई है जब सिख समुदाय वैसाखी के बड़े आयोजन की तैयारी कर रहा था। वैसाखी सिख धर्म का एक महत्वपूर्ण त्योहार है, जो 1699 में खालसा पंथ की स्थापना की याद में मनाया जाता है। घटना से पहले गुरुद्वारे में बड़े स्तर पर कार्यक्रम की तैयारी चल रही थी, जिसमें स्थानीय प्रशासन के लोग भी शामिल होने वाले थे।
जांच में जुटी पुलिस
कोवो के मेयर ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि सिख समुदाय पिछले कई वर्षों से शांतिपूर्वक यहां रह रहा था और ऐसी घटना पहले कभी नहीं हुई। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और गवाहों से पूछताछ जारी है। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए पाविया भेजा गया है।
