
Shahjahanpur News: बिजली विभाग की लापरवाही से 5 वर्षीय मासूम को लगा करंट हुई मौत ,परिजनों ने थाने में दी तहरीर
Shahjahanpur News: शाहजहाँपुर के कांट थाना क्षेत्र के अंतर्गत मोहल्ला मरैया -3 (रहमतपुर) में बिजली विभाग की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहाँ गली में लगे बिजली के खंभे से उतरे करंट की चपेट में आने से एक 5 वर्षीय मासूम गंभीर रूप से झुलस गया। आनन-फानन में बच्चे को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टर ने उसे मृत बताया जिसके बाद बच्चे की बॉडी को पीएम हॉउस लाया गया पीड़ित पिता ने इस संबंध में कोतवाली कांट में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मरैया -3 (रहमतपुर) निवासी फुरकान अली का 5 वर्षीय पुत्र अमान मंगलवार (23 जून 2026) की सुबह करीब 7 बजे घर के बाहर गली में खेलने के लिए जा रहा था। गली में बिजली का एक खंभा लगा हुआ है, जिसमें अचानक करंट आ गया। मासूम अमान जैसे ही खंभे के पास से गुजरा, वह करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया और वहीं गिर पड़ा।

बिजली विभाग की लापरवाही से 5 वर्षीय मासूम को लगा करंट हुई मौत
स्थानीय लोगों का आरोप है की जबरन जमीन में गाड़ा था अर्थ का तार
पीड़ित पिता फुरकान अली ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि सोमवार (22 जून 2026) की शाम करीब 6 बजे बिजली विभाग का ‘गुलफाम’ नामक कर्मचारी कुछ अन्य लोगों के साथ आया था। उसने स्थानीय लोगों के भारी विरोध और मना करने के बावजूद जबरन अर्थ का तार जमीन में गाड़ दिया। लोगों ने जब उसे ऐसा करने से रोका, तो उसने कथित तौर पर कहा कि वह ‘रईस मियां’ के कहने पर यह काम कर रहा है।
नहीं उठाई फोन कॉल
हादसे के बाद आक्रोशित रहमतपुर के ग्रामीणों ने बिजली विभाग के जेई (Junior Engineer) को कई बार फोन मिलाया ताकि लाइन कटवाई जा सके, लेकिन विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों ने फोन उठाना भी मुनासिब नहीं समझा।
पुलिस से न्याय की गुहार
घटना से पीड़ित परिवार और स्थानीय निवासियों में बिजली विभाग के प्रति भारी आक्रोश है। पीड़ित फुरकान ने प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली कांट को प्रार्थना पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच करने और दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
रिपोर्टर- रईस खान,शाहजहांपुर
