
Shahjahanpur News: मंदिर में दो साधुओं की हत्या कर शव जलाने का आरोपी गिरफ्तार, लोहे की रॉड बरामद !
Shahjahanpur News: शाहजहांपुर में खुदागंज थाना क्षेत्र के ग्राम सूथा स्थित मंदिर में दो साधुओं की हत्या कर शव जलाने की घटना में पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त करीब ढाई फीट लंबी लोहे की रॉड भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुमित कुमार सिंह (35) पुत्र विष्णु सिंह निवासी ग्राम सूथा के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, 1 अक्टूबर को ग्राम सूथा निवासी शिव कुमार सिंह की तहरीर पर सुमित कुमार सिंह के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में बाबा गोपाल दास निवासी अजीजगंज और बाबा बिहारीदास निवासी ग्राम सूथा की हत्या कर उनके शव जलाने का आरोप लगाया गया था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही थी। इसी क्रम में शुक्रवार दो अक्टूबर की सुबह करीब 4:30 बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कठिना नदी पुल से मझिला की ओर करीब 50 कदम की दूरी पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि मंदिर में सो रहे दोनों साधुओं की लोहे की रॉड से हत्या करने के बाद मंदिर में रखी लकड़ियों और दीपक जलाने के लिए रखे घी से शवों को जला दिया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने मंदिर में स्वयं रहने की इच्छा भी जाहिर की। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह घटना में प्रयुक्त रॉड को मंदिर के पास झाड़ियों में छिपाकर कठिना नदी के जंगल में चला गया था। वहां से दिल्ली जाने के दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने करीब ढाई फीट लंबी लोहे की रॉड बरामद की है, जिस पर खून के धब्बे होने की बात पुलिस ने बताई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध पहले से भी विभिन्न धाराओं में सात मुकदमे दर्ज हैं। मामले में विधिक कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार मौर्य, उपनिरीक्षक दिनेश चन्द्र, उपनिरीक्षक सुमित कुमार, कांस्टेबल राजीव चौधरी और गौरव शर्मा शामिल रहे।
जिला- शाहजहांपुर
रिपोर्टर- रईस खान
