
Muzaffarnagar Rape case: मुजफ्फरनगर में इंसानियत हुई शर्मसार ,14 साल नाबालिग बच्ची के साथ हुआ दुष्कर्म
Muzaffarnagar Rape case: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से एक बेहद दर्दनाक और इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली खबर सामने आई है। पावन पर्व जन्माष्टमी की रात जब पूरा इलाका भक्ति के माहौल में डूबा हुआ था, तब एक 14 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ दरिंदगी की खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया। आरोप है कि पूजा-अर्चना के लिए मंदिर जा रही मासूम को गांव के ही तीन दबंग युवकों ने जबरन रास्ते से अगवा कर लिया। इस घटना के सामने आने के बाद से ही पूरे क्षेत्र में भारी तनाव और आक्रोश व्याप्त है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को दबोच लिया है।
आरोपी के घर में बदहवास हालत में मिली मासूम
यह दिल दहला देने वाली घटना छपार थाना क्षेत्र के एक गांव की है। पीड़ित परिजनों के अनुसार, 14 साल की किशोरी 4 सितंबर की रात अपने घर से पास के ही मंदिर में दर्शन करने के लिए निकली थी। इसी दौरान घात लगाए बैठे समीर नाम के युवक ने अपने दो अन्य साथियों, वलीन और सलमान के साथ मिलकर लड़की को दबोच लिया और जबरदस्ती उठाकर ले गए। आरोपी समीर मासूम को अपने घर के एक कमरे में ले गया, जहां उसने बच्ची के साथ हैवानियत की। जब काफी देर तक लड़की वापस नहीं लौटी, तो परेशान परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान पीड़िता आरोपी समीर के घर पर बेहद खराब और बदहवास स्थिति में पाई गई। घर पहुंचकर बच्ची ने अपने रोते हुए परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई।
मुख्य आरोपी समीर पहुंचा सलाखों के पीछे
घटना को अंजाम देने के तुरंत बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पीड़िता के परिजनों ने बिना किसी देरी के छपार थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ नामजद लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया।
पुलिस ने संगीन धाराओं में मामला दर्ज करते हुए संभावित ठिकानों पर दबिश दी और मुख्य आरोपी समीर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बाकी बचे दोनों फरार साथियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है और उन्हें भी जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
स्वामी यशवीर महाराज का कड़ा बयान
इस जघन्य वारदात के सामने आने के बाद सामाजिक और धार्मिक संगठनों में जबरदस्त गुस्सा देखा जा रहा है। योग साधना आश्रम के महंत स्वामी यशवीर महाराज ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी कर अपना कड़ा विरोध जताया है।
उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सीधे गुहार लगाते हुए मांग की है कि ऐसे हैवानों का पुलिस फुल एनकाउंटर करे। साथ ही उन्होंने अपराधियों के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाने की भी मांग उठाई है, ताकि समाज में एक सख्त संदेश जा सके।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल पहुंचे पीड़ित परिवार के घर
मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल तुरंत पीड़ित परिवार से मिलने उनके गांव पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मिलकर उनका दुख बांटा और हर संभव मदद तथा न्याय का ठोस आश्वासन दिया। मंत्री ने मौके से ही पुलिस के आला अधिकारियों को फोन कर जांच में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने की ताकीद की। उन्होंने निर्देश दिए कि इस जघन्य अपराध में शामिल सभी दोषियों पर ऐसी सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए जो मिसाल बने।
