UP News: मुख्यमंत्री ने मां विंध्यवासिनी का किया विधि-विधान से पूजन, विकास कार्यों की समीक्षा कर दिए अहम निर्देश

UP News: मुख्यमंत्री ने मां विंध्यवासिनी का किया विधि-विधान से पूजन, विकास कार्यों की समीक्षा कर दिए अहम निर्देश

रिपोर्ट- शीतला प्रसाद बिंद

UP News: मिर्जापुर (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने गुरुवार को मिर्जापुर जनपद के विंध्याचल धाम पहुंचकर मां विंध्यवासिनी देवी के दरबार में विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ दर्शन-पूजन किया। उन्होंने प्रदेश एवं देशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की।

दर्शन-पूजन के उपरांत मुख्यमंत्री ने बिना कॉरिडोर के पारंपरिक मार्ग से मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं एवं बच्चों से आत्मीय संवाद किया तथा बच्चों को चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

मुख्यमंत्री ने विंध्य प्रसादम स्टॉल का भी अवलोकन किया और वहां दर्शनार्थियों को प्रसाद वितरित किया। साथ ही, “विंध्य ब्रांड” के अंतर्गत तैयार किए जा रहे स्थानीय उत्पादों एवं सामग्रियों का निरीक्षण कर उनके प्रचार-प्रसार तथा स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने पर बल दिया।

इसके बाद अष्टभुजा निरीक्षण गृह में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग की विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उपस्थित क्षेत्रीय विधायकों द्वारा प्रस्तावित नए विकास कार्यों पर चर्चा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को सभी प्रस्ताव तत्काल शासन को भेजने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि नए प्रस्तावित कार्यों को 15 जुलाई तक स्वीकृत किया जाएगा तथा 15 अगस्त तक उनके लिए आवश्यक धनराशि अवमुक्त कर दी जाएगी, जिससे विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को विशेष रूप से निर्देशित किया कि मिर्जापुर नगर एवं विंध्यनगरी की सड़कों को स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित बनाया जाए तथा निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री, मंडल आयुक्त, जिलाधिकारी एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )