UP Police and STF Action: UP में अपराधियों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 24 घंटे में कई जिलों में मुठभेड़ और गिरफ्तारियां

UP Police and STF Action: UP में अपराधियों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 24 घंटे में कई जिलों में मुठभेड़ और गिरफ्तारियां

UP Police and STF Action: उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ पुलिस और एसटीएफ का एक्शन लगातार जारी है। अयोध्या से लेकर झांसी, लखनऊ, हापुड़ और चंदौली तक पुलिस ने मुठभेड़ों और छापेमारी के जरिए कई बड़े अपराधियों को या तो गिरफ्तार किया है या तो ढेर किया है। इस कार्रवाई से अपराधियों में दहशत का माहौल है। आइए जानते हैं कि 24 घंटे में कहां-कहां मुठभेड़ हुई…

अयोध्या 

सबसे बड़ी कार्रवाई अयोध्या में हुई, जहां प्रयागराज एसटीएफ यूनिट और कुख्यात अपराधी भानु प्रताप सिंह के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में घायल भानु प्रताप सिंह की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। भानु पर आजमगढ़ से एक लाख, अंबेडकर नगर से पचास हजार और गोरखपुर से पंद्रह हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस के मुताबिक वह कॉन्ट्रैक्ट किलर और डकैत था व उसके खिलाफ हत्या और डकैती समेत 40 से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज थे।

झांसी

उधर झांसी में हत्या के मामले में वांछित दो आरोपियों को पुलिस ने आधी रात के बाद मुठभेड़ में घेर लिया। पुलिस की गोली लगने से एक आरोपी घायल हो गया, जबकि दूसरे ने सरेंडर कर दिया। दोनों पर 24 घंटे पहले हुई हत्या में शामिल होने का आरोप है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।

लखनऊ

लखनऊ के गाजीपुर थाना क्षेत्र में महिला से छेड़छाड़, मारपीट और हत्या के प्रयास के मामले में भी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी सुमित कश्यप को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसके साथी सनी उर्फ शनि कश्यप का नाम सामने आया। पुलिस मुठभेड़ के बाद दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

हापुड़

हापुड़ में व्यापारी नरेंद्र कबाड़ी के घर हुई लूटकांड की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि वारदात में शामिल कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मामले का विस्तृत खुलासा एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह करेंगे।

चंदौली

वहीं चंदौली में 24 घंटे पहले हुए हत्याकांड के मुख्य शूटर को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की थी, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में वह घायल
हुआ।

आपको बता दें कि यूपी में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। अलग-अलग जिलों में हुई इन कार्रवाइयों को कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर बड़ी सफलता माना जा रहा है। फिलहाल सभी मामलों में आगे की जांच जारी है।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )