Arwal Accident: अरवल में दर्दनाक हादसा,नहर में गिरी अनियंत्रित कार, चार लोगों की मौत

Arwal Accident: अरवल में दर्दनाक हादसा,नहर में गिरी अनियंत्रित कार, चार लोगों की मौत

Arwal Accident: बिहार के अरवल में देर रात एक अनियंत्रित कार नहर में गिर गई। इस हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई है, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। फिलहाल, अरवल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा सदर थाना क्षेत्र के अरवल लॉक गांधी मैदान के नजदीक हुआ। कार में पांच लोग सवार थे। कार अचानक अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। नहर में पानी होने के कारण कार पूरी तरह डूब गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया।

ग्रामीणों और पुलिस ने चलाया राहत-बचाव अभियान

काफी मशक्कत के बाद हाइड्रा मशीन की मदद से कार को नहर से बाहर निकाला गया। कार से चार लोगों के शव बरामद किए गए, जबकि घायल चालक को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मृतकों की पहचान रानीतालाब थाना क्षेत्र के कनपा निवासी मनोज कुमार, अम्हारा बिहटा निवासी रिशांक सिंह, कंकड़बाग निवासी अमन कुमार और मनेर निवासी एक अन्य व्यक्ति के रूप में हुई है। चौथे मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी है। मरने वाले सभी लोग पटना जिला के रहने वाले थे।

मृतकों की पहचान, सभी पटना जिले के निवासी

बताया जा रहा है कि सभी लोग बिहटा से किसी काम के सिलसिले में अरवल आए थे। देर रात काम खत्म होने के बाद वापस लौटने के दौरान यह हादसा हो गया। घायल चालक ने बताया कि हम लोग बिहटा से अरवल आए थे। रात में वापस लौट रहे थे तभी कार अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। मुझे यह जानकारी नहीं है कि हम लोग अरवल में किस व्यक्ति से मिलने आए थे।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से मौत की पुष्टि

डॉक्टर विनीत कुमार ने बताया कि पुलिस पांच लोगों को घायल अवस्था में अस्पताल लेकर पहुंची थी। चार लोगों की मौत हो चुकी थी, जबकि घायल रोहित के बचने की संभावनाएं हैं। डॉक्टर ने बताया कि चारों मृतकों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आया कि उनकी मृत्यु डूबने के कारण हुई।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )