वृंदावन घटना: पंकज मल्होत्रा का सुराग नहीं, यमुना में लगातार सर्च ऑपरेशन

वृंदावन घटना: पंकज मल्होत्रा का सुराग नहीं, यमुना में लगातार सर्च ऑपरेशन

Mathura News : वृंदावन के केशीघाट के पास 10 अप्रैल को हुए स्टीमर हादसे के बाद से लापता पंकज मल्होत्रा की तलाश लगातार जारी है। प्रशासन और राहत टीमों ने यमुना नदी में सर्च ऑपरेशन का दायरा बढ़ाकर अब आगरा सीमा तक कर दिया है, लेकिन अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

जानकारी के अनुसार 10 अप्रैल को केशीघाट के पास पार्टून पुल से टकराने के बाद स्टीमर यमुना नदी में डूब गया था। उस समय स्टीमर में कुल 38 लोग सवार थे। हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद नाविकों और स्थानीय गोताखोरों ने राहत कार्य शुरू किया और 22 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

इस दुर्घटना में 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि 6 लोग लापता बताए गए थे। बाद में राहत और बचाव अभियान के दौरान पांच लापता लोगों के शव बुधवार तक बरामद कर लिए गए। अब केवल एक व्यक्ति पंकज मल्होत्रा ही अभी तक लापता है।

पंकज मल्होत्रा की तलाश के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पीएसी और स्थानीय गोताखोरों की करीब 150 सदस्यीय टीम लगातार यमुना नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है। राहत टीमों ने नदी के कई हिस्सों को सात सेक्टर में बांटकर खोजबीन शुरू की है। नदी में कई स्थानों पर जाल भी डाले गए हैं ताकि बहकर आने वाले किसी भी सुराग का पता लगाया जा सके।

बुधवार देर रात तक टीमें यमुना नदी में तलाश करती रहीं, लेकिन पंकज का कोई पता नहीं चल सका। गुरुवार को सर्च ऑपरेशन को और आगे बढ़ाते हुए ब्रह्मघाट से लेकर आगरा के कैलाश घाट के पास मथुरा सीमा में स्थित पुल तक खोजबीन की जाएगी।

प्रशासन का कहना है कि जब तक पंकज मल्होत्रा का पता नहीं चल जाता, तब तक राहत और बचाव अभियान लगातार जारी रहेगा। इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोग लापता युवक के मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।

 

 

 

 

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )