
Bareilly में शादी समारोह बना रणक्षेत्र, बाइक हटाने को लेकर हुई मारपीट
Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एक शादी समारोह के दौरान मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। थाना शेरगढ़ क्षेत्र के ग्राम नगरिया कला में स्थित शिव शक्ति बैंक्वेट हॉल में यह घटना सोमवार शाम करीब चार बजे हुई, जब बाइक हटाने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और कई लोग घायल हो गए।
पीड़ित ओमप्रकाश पुत्र रामभरोसे लाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी चचेरी बहन की शादी समारोह चल रहा था। इसी दौरान शिवरैन पुत्र नबीसेन और फिरोज बाइक लेकर पहुंचे और उन्होंने अपनी बाइक रास्ते के बीच में खड़ी कर दी। इससे ट्रैक्टर-ट्रॉली को मोड़ने में परेशानी होने लगी। जब परिजनों ने बाइक हटाने को कहा, तो दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई।
गाली-गलौज शुरू मामला हिंसा में बदल गया
आरोप है कि बात बढ़ने पर गाली-गलौज शुरू हो गई और मामला हिंसा में बदल गया। शिवरैन और फिरोज ने फोन कर अपने अन्य साथियों—शान, अली हसन और कुछ अन्य लोगों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया।
इस हमले में अजय कुमार, प्रशांत, सुभाष और शिवकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर झगड़ा शांत कराया और घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर शिवरैन, शान, फिरोज, अली हसन और दुकानदार आमिल सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल कुछ आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस ने दिए सख्त कार्रवाई के संकेत
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि कैसे छोटे-छोटे विवाद भी बड़ी हिंसा का रूप ले लेते हैं।
