
Bareilly News: शीशगढ़ में पुलिस मुठभेड़, गौवंश का मांस ले जा रहे दो आरोपी गिरफ्तार, दरोगा घायल
Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के शीशगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस और कथित गौकशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो आरोपी घायल होकर गिरफ्तार कर लिए गए। घटना के दौरान पुलिस पर हुई फायरिंग में एक उपनिरीक्षक भी गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे, कारतूस, गौकशी के उपकरण, संदिग्ध गोवंशीय मांस और एक बाइक बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, थाना शीशगढ़ की टीम क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त कर रही थी। इसी दौरान गुलामगंज रोड से नई बस्ती जाने वाले मोड़ के पास एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। बाइक के पीछे बैठे युवक के पास प्लास्टिक का एक कट्टा था। पुलिस वाहन को देखकर दोनों ने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन बाइक फिसलकर गिर गई।
पुलिस का कहना है कि जब टीम ने दोनों को पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपियों ने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग कर दी। इस दौरान उपनिरीक्षक धर्मेंद्र सिंह के बाएं कंधे में गोली लग गई। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी और उन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल उपनिरीक्षक और दोनों आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मौके से अवैध असलाह, कारतूस, गौकशी में प्रयुक्त उपकरण, संदिग्ध गोवंशीय मांस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद मांस को परीक्षण के लिए भेजा गया है ताकि उसकी पुष्टि की जा सके।
पुलिस ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पूरे प्रकरण की जांच जारी है।
रिपोर्टर- गोपाल स्वरूप पाठक ,बरेली
