जानलेवा बनी बिजली: युवक की मौत से स्कूल में डर का माहौल

जानलेवा बनी बिजली: युवक की मौत से स्कूल में डर का माहौल

Chandauli News: चंदौली के वरिष्ठ समाजसेवी और पूर्व शासकीय अधिवक्ता राम जियावन सिंह यादव ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर जनसमस्याएं सुनीं और शोक संतप्त परिवारों को ढांढस बंधाया। भ्रमण के दौरान वे सबसे पहले ग्राम खटखरी पहुंचे, जहां उन्होंने अपने मार्गदर्शक रहे स्वर्गीय चंद्रमा प्रसाद यादव (मास्टर साहब) के तेरहवीं संस्कार में सम्मिलित होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उनके साथ अधिवक्ता रियाज खान, लालसाहब यादव और अन्य साथी मौजूद रहे।

बिजली विभाग की लापरवाही ने ली जान

राम जियावन सिंह यादव ग्राम टिकुरिया पहुंचे, जहां तीन दिन पहले एक दर्दनाक हादसा हुआ था। वहां के निवासी संजय यादव की 11,000 वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई थी। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद समाजसेवी ने कड़े शब्दों में कहा कि यह हादसा पूरी तरह से बिजली विभाग की लापरवाही का नतीजा है। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और विभाग से जवाबदेही तय करने की मांग की।

स्कूल परिसर में बड़े हादसे की आशंका

निरीक्षण के दौरान यह गंभीर तथ्य सामने आया कि टिकुरिया प्राथमिक विद्यालय के परिसर के ठीक ऊपर से जर्जर हाईटेंशन तार गुजर रहे हैं। तार काफी नीचे लटके हुए हैं, जिससे स्कूल में पढ़ने वाले मासूम बच्चों की जान को हर पल खतरा बना रहता है। राम जियावन सिंह यादव और ग्रामीणों ने पुरजोर मांग की है कि स्कूल परिसर से खंभे और तारों को हटाकर सड़क के किनारे शिफ्ट किया जाए। साथ ही, क्षेत्र में ठप पड़ी बिजली आपूर्ति को तुरंत शुरू करने की मांग की गई है ताकि पानी के संकट से जूझ रहे ग्रामीणों को राहत मिल सके।

किसानों के लिए मुआवजे की मांग

दौरे के अगले चरण में वे हनुमानपुर गांव पहुंचे, जहां शॉर्ट सर्किट से लगी आग के कारण कई बीघा तैयार फसल जलकर राख हो गई थी। उन्होंने पीड़ित किसानों का दुख साझा किया और उत्तर प्रदेश सरकार से मांग की कि प्रभावित किसानों को तत्काल उचित मुआवजा दिया जाए। अंत में, उन्होंने मां अमराभगवती धाम में दर्शन किए और पूर्व प्रधान राजबली यादव द्वारा आयोजित हरिकीर्तन कार्यक्रम में सम्मिलित होकर प्रसाद ग्रहण किया।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )