
Barabanki News: बाराबंकी में सनी देओल का जलवा,’फ़िल्म बंटवारा 1947′ के प्रमोशन में छात्रों से किया संवाद
संवाददाता- मनोज कुमार
जिला- बाराबंकी
Barabanki News: जनपद बाराबंकी के श्री रामस्वरूप मेमोरियल इंस्टीट्यूट में शुक्रवार को फिल्म ‘बंटवारा 1947’ के प्रमोशन के लिए एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दोपहर करीब 1:30 बजे बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल, करण देओल और अभिनेत्री प्रीति जिंटा के परिसर में पहुंचते ही छात्र-छात्राओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने तालियों की गड़गड़ाहट और जोरदार स्वागत के बीच अपने पसंदीदा कलाकारों का अभिनंदन किया।
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति इंजीनियर पंकज अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में कलाकारों ने अपनी आगामी फिल्म ‘बंटवारा 1947’ के विषय पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि यह फिल्म केवल भारत विभाजन की ऐतिहासिक घटना को नहीं दर्शाती,बल्कि उस दौर की मानवीय पीड़ा,बिछड़ते रिश्तों,सामाजिक संवेदनाओं और राष्ट्रीय एकता के संदेश को भी प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करती है।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित संवाद सत्र में छात्र-छात्राओं ने फिल्म निर्माण,अभिनय,बॉलीवुड में करियर और कलाकारों के निजी अनुभवों से जुड़े कई रोचक सवाल पूछे। सनी देओल, करण देओल और प्रीति जिंटा ने विद्यार्थियों के प्रश्नों का सहजता से उत्तर देते हुए उन्हें अपने सपनों को पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
इस दौरान सनी देओल ने अपनी सुपरहिट फिल्म ‘गदर’ का चर्चित संवाद सुनाया। उनका दमदार अंदाज और संवाद सुनते ही पूरा सभागार तालियों और उत्साह से गूंज उठा। छात्रों ने खड़े होकर उनका अभिवादन किया और कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया।
कार्यक्रम का संयोजन प्रो. (डॉ.) वीना सिंह ने किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों ने सनी देओल, करण देओल और प्रीति जिंटा के साथ तस्वीरें खिंचवाईं। अपने पसंदीदा फिल्मी सितारों से रूबरू होने का अवसर पाकर छात्रों के चेहरे खुशी से खिल उठे और पूरा परिसर लंबे समय तक उत्साह और उल्लास के माहौल में डूबा रहा।
