
Bulandshahr News: बर्थडे पार्टी में बवाल: मारपीट के बाद चली गोलियां, तीन की मौत
Bulandshahr News: यूपी के बुलंदशहर जनपद के खुर्जा में आयोजित बर्थडे पार्टी में बर्थडे बॉय के मुंह पर केक लगाने को लेकर हुए दोस्तो के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बर्थडे पार्टी खूनी हो गई। जमकर मारपीट और फायरिंग हुई। मेरठ जोन के DIG कला निधि नैथानी ने बताया कि घटना में गोली लगने से एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या कर दी गई। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण किया, खोखा कारतूस घटना स्थल से बरामद हुए है। पुलिस ने दो हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया, फरार हत्यारोपियों की गिरफ्तारी को 6 पुलिस टीमें गठित की गई है।
दो आरोपी गिरफ्तार, 6 टीमें फरार हत्यारोपियों की तलाश में जुटीं
बुलंदशहर जनपद के खुर्जा में स्थित RJS जिम में देर रात को जीतू की बर्थडे पार्टी मनाई जा रही थी, आरोप है कि बर्थडे पार्टी में जीतू के मुंह पर केक लगाया दिया, जिसको लेकर दोस्तो के बीच विवाद मारपीट में बदल गया और देखते ही देखते दबंगों ने फायरिंग शुरू कर दी। बताया जाता है कि बर्थदे पार्टी के दौरान दोस्तो के गुट बन गए और फिर ताबड़ तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। सभासद संजय सैनी ने बताया कि हत्यारों ने उसके भाई मनीष सैनी(30), चचेरे भाई अमर दीप सैनी (32)और भतीजे आकाश सैनी(19) के सिर में गोलियां मारकर हत्या कर दी।
हत्यारे जिम से DVR भी निकलकर ले गए। ट्रिपल मर्डर केस से इलाके में हड़कंप मच गया। आनन फानन में एसपी देहात अंतरिक्ष जैन,पुलिस और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे,इसी बीच मेरठ जोन के DIG कला निधि नैथानी भी मौके पर पहुंच गए। कई खोखा कारतूस घटना स्थल से पुलिस ने बरामद किए, DIG ने बताया कि दो हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फरार हत्यारोपियों की गिरफ्तारी को 6 पुलिस टीमें गठित की गई है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम को भेजा गया है।
