Balrampur News: बलरामपुर में मृत घोषित युवक बाजार में जिंदा मिला, पुलिस पर उठे सवाल

Balrampur News: बलरामपुर में मृत घोषित युवक बाजार में जिंदा मिला, पुलिस पर उठे सवाल

Balrampur News: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जनपद के उतरौला क्षेत्र में एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पुलिस द्वारा जिस युवक को मृत मानकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, वही युवक बाद में बाजार में जीवित घूमता मिला। वहीं घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक, मामला उतरौला कोतवाली क्षेत्र के पटेल नगर का बताया जा रहा है। यहां पटेल नगर निवासी शमीम ने बताया कि, शनिवार को उतरौला पुलिस ने उन्हें सूचना दी कि उनके भाई मुस्तफा की मौत हो गई है और उनका शव बरामद हुआ है। जिसके बाद ये सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया।

युवक को मृत मानकर हुआ पोस्टमार्टम

वहीं परिजनों ने पुलिस की बात पर भरोसा करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए बलरामपुर जिला अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस पहुंचाया। वहां शव का पोस्टमार्टम भी कराया गया। जिसके बाद रविवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को घर लेकर पहुंचे और मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार दफनाने की तैयारी शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि रविवार शाम करीब पांच बजे जब परिजन शव को लेकर कब्रिस्तान पहुंचे और दफन की तैयारी चल रही थी, तभी किसी परिचित का फोन आया कि मुस्तफा बाजार में घूमते दिखाई दे रहे हैं। यह सूचना मिलते ही परिवार के लोग हैरान रह गए। आनन-फानन में लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि मुस्तफा जीवित हैं और सामान्य रूप से टहल रहे हैं।

इसके बाद परिवार के होश उड़ गए। सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा हो गया कि जब मुस्तफा जीवित हैं तो आखिर जिस शव का पोस्टमार्टम कराया गया, वह किसका था। परिजनों का कहना है कि शव की पहचान स्पष्ट नहीं हो पा रही थी, लेकिन पुलिस ने कहा कि यह मुस्तफा का ही शव है, जिस पर परिवार ने भरोसा कर लिया।

परिवार के अनुसार मुस्तफा मानसिक रूप से विक्षिप्त हैं और अक्सर बिना बताए घर से कहीं भी चले जाते थे, जिससे भ्रम की स्थिति बन गई। वहीं परिजनों का आरोप है कि बाद में जब पुलिस मौके पर पहुंची तो उनसे कहा गया कि चूंकि अंतिम संस्कार की तैयारी हो चुकी है, इसलिए शव को दफन कर दिया जाए। इसके बाद कब्रिस्तान में ही शव को दफना दिया गया।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल

वहीं अब पूरे मामले में कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर बिना पुख्ता पहचान के शव को परिवार को कैसे सौंप दिया गया? पोस्टमार्टम किस आधार पर किया गया? यदि मुस्तफा जीवित हैं तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मृत्यु प्रमाणन किस नाम से तैयार हुआ? सबसे बड़ा सवाल यह भी है कि दफनाया गया शव आखिर किस व्यक्ति का था।

वहीं इस घटना के बाद अब उतरौला पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। पूरे मामले को लेकर क्षेत्राधिकारी उतरौला राघवेंद्र सिंह से फोन पर संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि वह छुट्टी पर थे और आज ही लौटे हैं। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की जानकारी की जा रही है।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )