
Lucknow Triple Encounter: कृष्णानगर से विकासनगर तक पुलिस का शिकंजा,तीन आरोपी एनकाउंटर के बाद दबोचे गए
Lucknow Triple Encounter: राजधानी लखनऊ में शनिवार रात पुलिस और बदमाशों के बीच दो अलग-अलग मुठभेड़ हुईं। पहली मुठभेड़ कृष्णानगर इलाके में हुई, जहां पुलिस ने दिल्ली के दो शातिर चेन स्नेचर्स को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। वहीं दूसरी मुठभेड़ विकासनगर क्षेत्र में हुई, जहां युवती से छेड़खानी के आरोपी को पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में गोली मारकर दबोच लिया। तीनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस चेकिंग देख भागे चेन स्नेचर
पुलिस के मुताबिक, कृष्णानगर थाना क्षेत्र के मानसनगर रोड स्थित आसाराम बापू आश्रम के पास शनिवार रात करीब एक बजे पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे। पुलिस को देखकर दोनों ने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। कुछ दूरी पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, लेकिन इसके बाद भी दोनों ने पुलिस पर दोबारा गोली चलाई।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी। एक बदमाश के दाहिने पैर और दूसरे के बाएं पैर में गोली लगी। दोनों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।
लूटी गई ज्वेलरी, नकदी और अवैध हथियार बरामद
दरअसल यह मुठभेड़ कृष्णानगर थाना पुलिस और दक्षिणी जोन की सर्विलांस टीम के साथ हुई। गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से लूटी गई ज्वेलरी, नकदी, अवैध तमंचे और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की गई। पुलिस ने मौके से एक सोने की चेन, लूटा गया बैग, दो तमंचे, जिंदा कारतूस, खोखा और बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
कई वारदातों में शामिल होने की बात कबूली
वहीं गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिल्ली निवासी 23 वर्षीय रोहन उर्फ गुड्डू और 21 वर्षीय साहिल के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने कृष्णानगर क्षेत्र में हुई लूट और चेन स्नेचिंग की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब उनके अन्य साथियों की तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, 28 मई को कुंदन विहार निवासी रामबाबू चौरसिया का बैग छीने जाने की घटना में भी दोनों शामिल थे। इस मामले में कृष्णानगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके अलावा कुछ दिन पहले वर्षा रानी नाम की महिला की चेन स्नेचिंग की घटना को भी इन्हीं बदमाशों ने अंजाम दिया था। इन घटनाओं के खुलासे के लिए डीसीपी दक्षिणी ने चार टीमों का गठन किया था।
कई जिलों में दर्ज हैं गंभीर मुकदमे
यहां पुलिस जांच में सामने आया कि रोहन उर्फ गुड्डू के खिलाफ गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद और मुजफ्फरनगर समेत कई जिलों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के 20 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं साहिल के खिलाफ उन्नाव और गौतमबुद्धनगर में चोरी और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई मामले दर्ज हैं।
सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पहुंची पुलिस
वहीं इन घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस टीमों ने करीब 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इलेक्ट्रॉनिक और मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। जांच के दौरान एक अंतरराज्यीय गैंग की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी थी। आखिरकार शनिवार रात दोनों बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
छेड़खानी के आरोपी से मुठभेड़
वहीं शनिवार रात दूसरी मुठभेड़ विकासनगर थाना क्षेत्र में हुई। यहां एक युवती ने 34 वर्षीय सनी यादव पर छेड़खानी का आरोप लगाया था। इस मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद से वह फरार चल रहा था। शनिवार शाम पुलिस को सूचना मिली कि सनी यादव टेढ़ीपुलिया इलाके के पास मौजूद है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम उसे गिरफ्तार करने पहुंची।
थाना प्रभारी की गाड़ी पर चलाई गोली
डीसीपी पूर्वी दीक्षा शर्मा के अनुसार, जब पुलिस ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी की पहली गोली विकासनगर थाना प्रभारी की गाड़ी पर लगी, जबकि दूसरी गोली जीएसआई परिसर की तरफ गई। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की।
इस दौरान पुलिस की गोली सनी यादव के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
