Chandauli News: चंदौली में साइबर ठग गिरफ्तार,लड़कियों के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर करता था ठगी

Chandauli News: चंदौली में साइबर ठग गिरफ्तार,लड़कियों के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर करता था ठगी

Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले की सैयदराजा थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों से साइबर ठगी करने वाले एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी लड़कियों के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाता था और लोगों को अपनी बातों में फंसाकर उनसे पैसे ऐंठता था। पुलिस ने आरोपी के पास से ठगी में इस्तेमाल होने वाला एक मोबाइल फोन और तीन फर्जी आधार कार्ड बरामद किए हैं।

कैसे पकड़ा गया शातिर ठग?

पुलिस के आला अधिकारियों के निर्देश पर सैयदराजा थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अभय वर्मा को ग्राम बगही कुम्भापुर से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत केस दर्ज था, जिसमें अब जांच के बाद बीएनएस की धाराएं 319(2) और 336(2) भी जोड़ दी गई हैं।

जांच में खुले डिजिटल राज

पुलिस ने जब आरोपी के मोबाइल की जांच की, तो उसमें कई फर्जी जीमेल और इंस्टाग्राम अकाउंट्स चलते हुए पाए गए। मेटा (Meta) प्लेटफॉर्म से मिले तकनीकी डेटा, जैसे कि आईपी एड्रेस और लॉगिन डिटेल्स से साफ हुआ कि आरोपी अपनी असली पहचान छिपाकर युवाओं को धोखा दे रहा था। इसके अलावा उसके इंडियन पोस्ट पेमेंट्स बैंक और फिनो बैंक के खातों में भी कई लोगों से छोटे-छोटे अमाउंट में संदिग्ध डिजिटल लेनदेन के सबूत मिले हैं।

पूछताछ में कबूला जुर्म,लड़की बनकर करता था चैटिंग

24 वर्षीय आरोपी अभय वर्मा ने पूछताछ में बताया कि वह सोशल मीडिया पर फर्जी महिला प्रोफाइल (लड़की का अकाउंट) बनाकर लड़कों से दोस्ती करता था। इसके बाद वह बीमारी, दवा, मोबाइल सहायता या मजबूरी का बहाना बनाकर उनसे सहानुभूति लेता था और अपने निजी खर्चों के लिए पैसे मांगता था। बरामद हुए तीन फर्जी आधार कार्ड्स के बारे में उसने बताया कि इनका इस्तेमाल वह भविष्य में लोगों को झांसा देने और अपनी पहचान छिपाने के लिए करने वाला था।

इस ठग को पकड़ने वाली टीम में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक (SI) मारकण्डेय सिंह और कांस्टेबल पंकज कुमार शामिल रहे। पुलिस अब आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )