
Jhansi News: झांसी में गांजा तस्करी पर बड़ा प्रहार,एएनएफ और रक्सा पुलिस ने चार तस्करों को दबोचा
Jhansi News: उत्तर प्रदेश के झांसी जनपद में अवैध मादक पदार्थों (Illegal Narcotics) की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एएनएफ टीम (ANF Team) और रक्सा थाना पुलिस (Raksa Police) को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने उड़ीसा (Odisha) से मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के शिवपुरी (Shivpuri) ले जाई जा रही अवैध गांजा (Ganja) की बड़ी खेप बरामद करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने तस्करों के कब्जे से ट्रक में छिपाकर ले जाया जा रहा करीब साढ़े तीन सौ किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत 49 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
होटल ओम रेजिडेंसी से शुरू हुई कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति (BBGTS Murthy) के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के दौरान एएनएफ टीम और रक्सा थाना पुलिस को सूचना मिली कि झांसी के रास्ते बड़ी मात्रा में गांजा लेकर जा रहे तस्कर चित्रा चौराहा स्थित होटल ओम रेजिडेंसी (Hotel Om Residency) में रुके हुए हैं। सूचना मिलते ही एएनएफ टीम होटल पहुंची और कमरा नंबर 101 में छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान मध्य प्रदेश के ग्वालियर (Gwalior) स्थित पिंटो पार्क निवासी बाल गोविंद, ग्वालियर की दीक्षित कॉलोनी निवासी संजय अग्रवाल तथा शिवपुरी जिले के ग्राम आगर नरवर निवासी मुन्ना लाल झा को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में खुला तस्करी का राज
पुलिस ने तीनों के कब्जे से कार संख्या एमपी 33 सी 4935 बरामद की और पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लोग गांजा तस्करी का काम करते हैं और ट्रक संख्या यूपी 80 ईटी 0669 में उड़ीसा से गांजा भरकर शिवपुरी ले जा रहे हैं। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि ट्रक ललितपुर बाईपास के पास सिजवाहा क्षेत्र में खड़ा है। इसके बाद पुलिस टीम आरोपियों को साथ लेकर मौके पर पहुंची।
ट्रक से बरामद हुआ साढ़े तीन सौ किलो गांजा
एएनएफ टीम और रक्सा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सिजवाहा क्षेत्र में खड़े ट्रक की तलाशी ली। ट्रक में मौजूद चालक संजय गौर, निवासी मोहना कॉलोनी, ग्वालियर को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान ट्रक के भीतर अलग-अलग पैकेटों में छिपाकर रखा गया करीब 350 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 49 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
कार से करते थे रेकी, ट्रक में पहुंचाते थे माल
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उड़ीसा से गांजा लोड कर मध्य प्रदेश के शिवपुरी ले जा रहे थे। तस्करी के दौरान ट्रक के आगे-आगे कार चलाकर रेकी की जाती थी, ताकि रास्ते में पुलिस या अन्य जांच एजेंसियों की गतिविधियों की जानकारी मिल सके।
कार और मोबाइल फोन भी किए गए बरामद
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान तस्करों के कब्जे से एक कार, ट्रक और आधा दर्जन से अधिक मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गांजे की यह खेप किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी तथा इस तस्करी गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
