Chandauli news: चंदौली के रोहड़ा में सफाई न होने से फैली नाराजगी, संक्रामक बीमारियों का बढ़ा खतरा

Chandauli news: चंदौली के रोहड़ा में सफाई न होने से फैली नाराजगी, संक्रामक बीमारियों का बढ़ा खतरा

लोकेशन- चंदौली
रिपोर्टर- मधु कुमारी

Chandauli news: जनपद चंदौली के विकासखंड नियमताबाद अंतर्गत ग्राम सभा रोहडा में सफाई व्यवस्था बदहाल होने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से गांव में नियमित सफाई नहीं कराई गई है, जिससे जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा हुआ है और संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है।

ग्रामीणों का कहना है कि एक ओर सरकार स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता को लेकर लगातार अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर रोहन गांव में इस अभियान की खुलेआम धज्जियां उड़ती दिखाई दे रही हैं। उनका आरोप है कि सफाईकर्मी महीनों से गांव में नजर नहीं आए हैं और ग्राम सचिव (सेक्रेटरी) द्वारा भी कभी निरीक्षण नहीं किया गया, जिससे सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि सरकारी अभिलेखों में नियमित सफाई कार्य दर्शाया जा रहा है, जबकि धरातल पर स्थिति इसके बिल्कुल विपरीत है। गांव की गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर फैली गंदगी के कारण लोगों में बीमारी फैलने का डर बना हुआ है।

स्थानीय लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों से तत्काल गांव में विशेष सफाई अभियान चलाने, नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे संबंधित अधिकारियों के समक्ष विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )