Amravati News: समृद्धि महामार्ग पर भीषण सड़क हादसा, 7 श्रद्धालुओं की मौत; 19 घायल !

Amravati News: समृद्धि महामार्ग पर भीषण सड़क हादसा, 7 श्रद्धालुओं की मौत; 19 घायल !

Amravati News: महाराष्ट्र के अमरावती जिले में समृद्धि महामार्ग पर शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। धामणगांव रेलवे के पास चैनल नंबर 97 पर एक ट्रक और टेंपो पिकअप की जोरदार टक्कर में 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 19 लोग घायल हुए हैं। हादसे में घायल 3 से 4 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, टेंपो पिकअप में श्रद्धालु सवार थे। ये सभी शेगांव से दुर्गादेवी लेकर वर्धा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान समृद्धि महामार्ग पर ट्रक और टेंपो पिकअप की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई लोग वाहन के अंदर फंस गए।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही धामणगांव रेलवे पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला गया। सभी घायलों को उपचार के लिए धामणगांव ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया।

अमरावती ग्रामीण एसपी निकेतन कदम ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि दुर्घटना में कुल 19 लोग घायल हुए हैं। इनमें 3 से 4 घायलों की हालत गंभीर है, जबकि करीब 14 से 15 लोगों को मामूली चोटें आई हैं और उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

हादसे की सूचना मिलने के बाद एसपी निकेतन कदम अस्पताल पहुंचे और घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। धामणगांव की नगराध्यक्ष अर्चना रोठे ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना।

पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और ट्रक व टेंपो पिकअप की टक्कर कैसे हुई, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस मृतकों और घायलों से संबंधित विस्तृत जानकारी भी जुटा रही है।

 

 

 

 

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )