
Balaghat News: नहलेसर्रा डेम के पास बाघ का शव मिला, वन विभाग ने की जांच !
लोकेशन- बालाघाट
रिपोर्टर- दिलीप जामरे
Balaghat News: मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के कटंगी सामान्य वन परिक्षेत्र में नहलेसर्रा डेम के समीप एक नर बाघ की मृत्यु का मामला सामने आया है। घटना की सूचना 29 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 2 बजे मुखबिर से वन विभाग को मिली। सूचना मिलते ही विभाग ने राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA), नई दिल्ली तथा मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक, मध्यप्रदेश द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के तहत तत्काल कार्रवाई शुरू की।
मृत बाघ का शव सिंचाई विभाग क्षेत्र, नहलेसर्रा डेम के पास वनकक्ष क्रमांक 762 में मिला। घटना स्थल को सुरक्षित कर दक्षिण सामान्य वनमंडल बालाघाट और पेंच टाइगर रिजर्व सिवनी के डॉग स्क्वॉड की मदद से आसपास के क्षेत्र में छानबीन की गई।
वन विभाग के अनुसार मृत बाघ नर था और उसकी उम्र करीब 12 वर्ष से अधिक आंकी गई है। शव पानी में डूबे रहने के कारण फूल गया था। जांच के दौरान बाघ के शरीर के सभी अंग सुरक्षित पाए गए। वन्यजीव चिकित्सकों की टीम ने शव का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम करने वाली टीम में पेंच टाइगर रिजर्व के डॉ. अखिलेश मिश्रा, बालाघाट के पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. बादल पटले तथा खैरलांजी के पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. मितेश मेश्राम शामिल रहे।
पोस्टमार्टम के दौरान बाघ के शव से आवश्यक नमूने एकत्रित किए गए हैं। वन विभाग द्वारा इन नमूनों के आधार पर प्रकरण में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
निर्धारित प्रक्रिया एवं नियमानुसार बाघ के शव के दाह-संस्कार एवं भस्मीकरण की कार्रवाई की गई। इस दौरान मुख्य वन संरक्षक वनवृत्त बालाघाट, वनमंडल अधिकारी दक्षिण सामान्य वनमंडल बालाघाट, उपवनमंडल अधिकारी कटंगी, वन परिक्षेत्र अधिकारी कटंगी, तहसीलदार कटंगी, ग्राम पंचायत कोड़मी के सरपंच, NTCA प्रतिनिधि सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
मामले में वन अपराध प्रकरण दर्ज कर लिया गया है तथा बाघ की मृत्यु के कारणों को लेकर विभागीय स्तर पर अग्रिम जांच एवं कार्रवाई जारी है।
