
Balaghat News: ‘आशीर्वाद के दीयों’ से जगमगाया शंकर घाट, वैनगंगा तट पर सजे 7 हजार दीप!
लोकेशन- बालाघाट
रिपोर्टर – दिलीप जामरे
Balaghat News: मध्य प्रदेश के बालाघाट में 17 सितम्बर 2026 को सांझ ढलते ही वैनगंगा नदी का तट हजारों दीपों की रोशनी से नहा उठा। शंकर घाट पर एक साथ प्रज्वलित किए गए 7 हजार दीपों ने ऐसा दृश्य रचा कि पूरा घाट और आसपास का शहर दीपों की आभा से जगमगा उठा। अवसर था प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने तथा विकसित भारत-2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का। इसी के साथ बालाघाट में एक माह तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ हुआ।
मध्यप्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ अवसर पर शंकर घाट पर दीप प्रज्वलन किया गया। जैसे-जैसे दीपों की कतारें रोशन होती गईं, वैनगंगा का तट अद्भुत रोशनी से भरता गया। घाट पर सजे हजारों दीपों की झिलमिलाती रोशनी ने कार्यक्रम को आकर्षक और उत्सवी स्वरूप प्रदान किया। दीपों की रोशनी से शंकर घाट के साथ बालाघाट शहर भी जगमगाता नजर आया।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने की सहभागिता
कार्यक्रम में क्षेत्रीय सांसद श्रीमती भारती पारधी, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती सुरजीत ठाकुर, नगर पालिका के पार्षदगण, राज्य शासन द्वारा बालाघाट जिले के लिए नियुक्त प्रभारी अधिकारी एवं जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त सचिव श्री रविन्द्र चौधरी, कलेक्टर श्री कुमार सत्यम, पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ सुश्री तनुश्री मीणा, एसडीएम श्री गोपाल सोनी, मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री सूर्य प्रकाश उके सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं शासकीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
