
Barabanki News: बाराबंकी में दर्दनाक हादसा, गहरे गड्ढे में डूबे तीन बच्चे, दो की मौत, तीसरे की तलाश जारी
जिला- बाराबंकी
संवाददाता- मनोज कुमार
Barabanki News: बाराबंकी के कुर्सी थाना क्षेत्र के बैना गांव में रविवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माणाधीन फैक्ट्री के लिए मिट्टी निकालने के दौरान खोदे गए गहरे गड्ढे में बारिश का पानी भर गया था। इसी पानी में नहाने पहुंचे तीन बच्चे डूब गए।

ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद दो बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन दोनों की मौत हो चुकी थी। वहीं तीसरे बच्चे का अभी तक कोई पता नहीं चल सका है। उसकी तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों की मदद से अभियान चलाया जा रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। एसडीएम कार्तिकेय सिंह, सीओ जगतराम कन्नौजिया और कुर्सी थाना प्रभारी सुदर्शन सिंह मौके पर मौजूद रहे और राहत-बचाव अभियान की निगरानी की।
अंधेरा होने के बाद गड्ढे में रोशनी की व्यवस्था कर तलाश अभियान जारी रखा गया। पुलिस और ग्रामीण लगातार लापता बच्चे की तलाश में जुटे हुए हैं।
हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
