
Barabanki News: निन्दूरा ब्लॉक में स्वच्छता अभियान की अनदेखी का आरोप, आरआरसी सेंटर बने शोपीस
जिला- बाराबंकी
संवाददाता- मनोज कुमार
Barabanki News: निन्दूरा ब्लॉक क्षेत्र में स्वच्छता अभियान की खुलेआम अनदेखी किए जाने के आरोप सामने आए हैं। ब्लॉक की 88 ग्राम पंचायतों में लाखों रुपये की लागत से बनाए गए आरआरसी सेंटर (रिसोर्स रिकवरी सेंटर) अब कथित तौर पर शोपीस बनकर रह गए हैं।
आरोप है कि कई ग्राम पंचायतों में कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों और सफाई कर्मियों के नाम पर भुगतान किया जा रहा है, लेकिन जमीनी स्तर पर सफाई व्यवस्था बदहाल है। ग्रामीण क्षेत्रों में कूड़ा सड़कों के किनारे और तालाबों में फेंके जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं।

मामले को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने निन्दूरा के खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। संगठन ने अधिकारियों को 10 दिन का समय देते हुए व्यवस्था में सुधार और मामले की जांच की मांग की है।
भारतीय किसान यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं हुई तो 25 सितंबर से ब्लॉक परिसर में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
अब देखना होगा कि प्रशासन इन आरोपों को लेकर क्या जांच कराता है और स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।
