
Bihar News: खुद के ही थाने में कैदी बना थानेदार,जिस कुर्सी पर बैठकर चलाता था कानून वहीं से गिरफ्तार
संवाददाता – सुरेश निखर,पटना
Bihar News: गोपालगंज जिले में पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाने वाले भ्रष्ट अधिकारी समेत चार लोगों पर एसपी विनय तिवारी ने शिकंजा कस दिया है।
भ्रष्टाचार, अवैध हिरासत और पैसे लेकर निर्दोषों को छोड़ने के एक बड़े मामले का खुलासा होने के बाद महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए जादोपुर थानाध्यक्ष समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल इस संदर्भ में बताया जाता है कि जादोपुर थाना की पुलिस ने कुछ निर्दोष लोगों को बिना किसी कानूनी प्रक्रिया के लगभग 36 घंटे तक हिरासत में रखा। उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई और छोड़ने के एवज में भारी रकम की मांग की गई। प्रथम दृष्टया पुलिसिया जांच में यह बात सामने आई कि इस दौरान पीड़ितों से अलग-अलग किस्तों में 50 हजार, 75 हजार और 55 हजार रुपये की कथित अवैध वसूली की गई।
मामले की पुष्टि होते ही पुलिस विभाग ने त्वरित कार्रवाई की। इस भ्रष्टाचार कांड में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों तात्कालीन थानाध्यक्ष अनिल राम,थाना चालक राकेश कुमार ,चौकीदार महंथ कुमार यादव और कथित दलाल (बिचौलिया) राजू यादव शामिल है।
कार्रवाई के तहत थानाध्यक्ष और संबंधित चौकीदारों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस पूरे मामले में जादोपुर थाना कांड संख्या 185/2026 दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। गोपालगंज के पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि पुलिस महकमे में भ्रष्टाचार, अवैध वसूली और कानून के दुरुपयोग को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने एक विशेष टीम का गठन कर मामले की जांच कराई। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद देर रात कार्रवाई की।
नगर थाने में गिरफ्तार सभी आरोपियों से बंद कमरे में कड़ी पूछताछ की जा रही है। एक साथ थानाध्यक्ष और पुलिसकर्मियों पर हुई इस गाज से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप का माहौल है।
