
Chandauli News: चकिया की अदिति केसरी ने बैडमिंटन में लहराया परचम, शानदार प्रदर्शन से बढ़ाया जिले का मान !
Chandauli News: चकिया की 19 वर्षीय प्रतिभाशाली बेटी अदिति केसरी ने अपनी मेहनत, लगन और खेल प्रतिभा के दम पर बैडमिंटन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए चकिया और पूरे जनपद का नाम रोशन किया है। मौलाना आजाद इंटर कॉलेज की छात्रा अदिति ने जिला स्तर पर प्रथम स्थान हासिल करने के बाद मंडल स्तर पर भी प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके बाद बरेली में आयोजित प्रदेशीय टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश स्तर पर द्वितीय स्थान हासिल किया।
मलेरिया-टायफाइड से जूझने के बावजूद हासिल किया द्वितीय स्थान
खास बात यह रही कि प्रतियोगिता के दौरान अदिति मलेरिया और टायफाइड जैसी बीमारी से जूझ रही थीं, इसके बावजूद उन्होंने हौसला नहीं छोड़ा और अपने शानदार प्रदर्शन से प्रदेश स्तर पर दूसरा स्थान हासिल किया। अदिति की इस उपलब्धि से उनके परिवार, विद्यालय और चकिया क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

अदिति की सफलता की जानकारी मिलने पर समाजसेवी प्रदीप गुप्ता, नगर अध्यक्ष सुदर्शन गुप्ता, राजन गुप्ता और गोपाल गुप्ता उनके घर पहुंचे। सभी ने अदिति को शाल एवं वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया, मिठाई खिलाई और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान अदिति के माता-पिता को भी बधाई देते हुए उनकी बेटी की सफलता पर प्रसन्नता जताई गई।
समाजसेवी प्रदीप गुप्ता ने कहा कि बेटियां जब अपनी प्रतिभा के दम पर आगे बढ़ती हैं तो पूरा समाज गौरवान्वित होता है। उन्होंने अदिति को भविष्य में खेल, शिक्षा या किसी अन्य क्षेत्र में आर्थिक अथवा अन्य किसी प्रकार की आवश्यकता होने पर हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।

अदिति के सम्मान के दौरान वैश्य समाज के लोगों ने भी उसकी उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया। लोगों ने कहा कि अदिति ने अपनी मेहनत से न सिर्फ अपने परिवार बल्कि चकिया और जनपद का गौरव बढ़ाया है। इस पहल के माध्यम से समाजसेवी प्रदीप गुप्ता ने प्रतिभाशाली बेटियों को प्रोत्साहित करने और उनका हौसला बढ़ाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर गोपाल गुप्ता, राजन गुप्ता, सुदर्शन गुप्ता, सत्यम सहित कई लोग मौजूद रहे। सभी ने अदिति को भविष्य में खेल के क्षेत्र में और ऊंचाइयां हासिल करने का आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दीं।
