
Delhi Fire: राजधानी दिल्ली में तड़के आग का तांडव, मजदूरों के 200 आश्रय शेड्स चपेट में, दमकल की कई गाड़ियां मौके पर
Delhi Fire: देश की राजधानी दिल्ली (Delhi) में बुधवार तड़के एक बड़ा अग्निकांड सामने आयान है। यहां उद्योग भवन (Udyog Bhavan) के पास मजदूरों के रहने के लिए बनाए गए करीब 200 टिन शेड्स में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग (Fire Department) की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।
सेना भवन के पास बना था अस्थायी कैंप
यहां फायर ऑफिसर संदीप दुग्गल ने बताया कि यह पूरा क्षेत्र सेना भवन (Sena Bhavan) के पास स्थित है। यहां निर्माण कार्य में लगे मजदूरों के रहने के लिए अस्थायी टिन शेड्स का एक बड़ा कैंप बनाया गया था। इन टिन शेड्स में बड़ी संख्या में श्रमिक रह रहे थे और दैनिक जरूरतों के लिए वहीं खाना भी बनाते थे।
उन्होंने बताया कि मजदूर खाना पकाने के लिए छोटे एलपीजी गैस सिलेंडरों (LPG Cylinder) का इस्तेमाल कर रहे थे। इसके अलावा पूरे परिसर में बिजली के तार भी बेतरतीब तरीके से फैले हुए थे। ऐसे में आग लगने के बाद उसने तेजी से पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया।
3 बजकर 4 मिनट पर मिली सूचना
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, दमकल विभाग को इस आगजनी की पहली सूचना बुधवार तड़के 3 बजकर 4 मिनट पर मिली थी। सूचना मिलते ही विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 20 दमकल गाड़ियों को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया। मौके पर पहुंची टीमों ने आग बुझाने का काम शुरू किया, लेकिन आग की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त संसाधनों की जरूरत महसूस हुई। वहीं स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बाद में दमकल गाड़ियों की संख्या बढ़ाकर 25 कर दी गई। इसके बाद राहत और बचाव कार्य को और तेज किया गया।
कड़ी मशक्कत के बाद पाया गया काबू
वहीं आग की भयावहता को देखते हुए दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। राहत कर्मियों ने लगातार प्रयास जारी रखा और करीब तीन घंटे तक चले अभियान के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया।
दमकल विभाग की टीमों ने आग को आसपास के क्षेत्रों में फैलने से भी रोका, जिससे एक और बड़ा हादसा टल गया। अधिकारियों के अनुसार लंबे प्रयासों के बाद आग पर सफलतापूर्वक काबू पा लिया गया।
200 टिन शेड्स जलकर खाक
इस भीषण अग्निकांड में मजदूरों के करीब 200 टिन शेड्स पूरी तरह जलकर खाक हो गए। आग की वजह से कैंप को भारी नुकसान पहुंचा, लेकिन राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।
दमकल अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि समय रहते राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया था, जिसकी वजह से सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अधिकारियों के अनुसार हादसे में किसी को कोई चोट नहीं आई और सभी लोग सुरक्षित हैं।
समय पर कार्रवाई से टला बड़ा हादसा
गौरतलब हो कि उद्योग भवन के पास हुए इस बड़े अग्निकांड में भारी संपत्ति का नुकसान जरूर हुआ, लेकिन किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। दमकल विभाग (Fire Department) की त्वरित कार्रवाई और राहत टीमों के लगातार प्रयासों की वजह से सभी मजदूरों को सुरक्षित बचा लिया गया। यही कारण रहा कि 200 टिन शेड्स जलने के बावजूद यह हादसा किसी बड़ी मानवीय त्रासदी में नहीं बदला।
