
जालौन सड़क हादसा: एक ही बाइक पर लौट रहे तीन भाइयों में से एक की जान गई, दो घायल
Jalaun News: जालौन में एक दर्दनाक सड़क हादसे में शादी समारोह से लौट रहे तीन सगे भाइयों की बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। आमने-सामने की जोरदार टक्कर में एक भाई की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, उरई शहर के मुहल्ला नया रामनगर निवासी 45 वर्षीय प्रताप वाल्मीकि अपने बड़े भाई परमेश्वरी (60) और छोटे भाई कल्लू (55) के साथ ग्राम खरूसा में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर वापस घर लौट रहे थे।
जब वे कोंच रोड पर ग्राम मड़ोरा के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही एक अन्य बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि तीनों भाई सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, दूसरी बाइक का चालक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और घायलों को तुरंत मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद प्रताप वाल्मीकि को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनके दोनों भाइयों का इलाज जारी है।
हादसे की खबर मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। उनकी पत्नी वीरू और पुत्र रोहित का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि प्रताप वाल्मीकि नगर पालिका उरई में ठेकेदार के अधीन सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे और परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और फरार बाइक सवार की तलाश जारी है।
