
Barabanki News: बाराबंकी में फ्लोर मिलों पर खाद्य सुरक्षा विभाग का विशेष अभियान, 11 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण
संवाददाता- मनोज कुमार
जिला- बाराबंकी
Barabanki News: बाराबंकी में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिलाधिकारी के निर्देश पर फ्लोर मिलों और आटा निर्माण इकाइयों पर विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान जिले के 11 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर लाइसेंस, साफ-सफाई, मशीनों की स्थिति, गेहूं के भंडारण तथा पैकेट बंद आटा की लेबलिंग की जांच की गई।निरीक्षण में जिन प्रतिष्ठानों में कमियां मिलीं, उन्हें सुधार नोटिस जारी किए गए। वहीं गुणवत्ता की जांच के लिए आटा, मैदा और सूजी के कुल 6 नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

विभाग ने बताया कि निरीक्षण के दौरान किसी भी फ्लोर मिल में आटे में अखाद्य पदार्थों की मिलावट नहीं पाई गई। हालांकि यदि जांच रिपोर्ट में कोई नमूना मानकों के विपरीत मिलता है तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया कि जनहित में यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
